होम उप्र न्यूज़ महोबा में दर्दनाक हादसा: नहाने गए तीन बच्चों की गहरे गड्ढे में...

महोबा में दर्दनाक हादसा: नहाने गए तीन बच्चों की गहरे गड्ढे में डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम

0
12

महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। चरखारी थाना क्षेत्र के रिवई गांव में नहाने गए तीन बच्चे पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूब गए। देर रात तक चले तलाश अभियान के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया। देर रात जब एक के बाद एक तीनों बच्चों के शव गहरे पानी से बाहर निकाले गए तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोपहर में नहाने निकले थे तीनों बच्चे

पुलिस के अनुसार, रिवई गांव निवासी प्रिंस (15), रोशनी (11) और अंशुल (10) रविवार दोपहर गांव के पास स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के पीछे बने पानी से भरे गड्ढे के पास गए थे। बताया गया कि तीनों बच्चे वहां नहाने के साथ ही अक्सर मछली पकड़ने भी जाया करते थे।

रविवार को भी तीनों घर से निकलकर उसी स्थान पर पहुंचे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। बच्चों के घर न पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और गांव के लोगों के साथ उनकी तलाश शुरू की गई।

देर रात पानी में दिखा शव, पुलिस को दी सूचना

काफी देर तक तलाश के बावजूद बच्चों का कोई पता नहीं चल सका। देर रात ग्रामीणों ने पानी से भरे गड्ढे में एक शव उतराता देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही चरखारी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पानी में बच्चों की तलाश शुरू की गई।

पहले एक, फिर दो और बच्चों को निकाला गया बाहर

तलाश अभियान के दौरान पुलिस और गोताखोरों ने सबसे पहले प्रिंस को पानी से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी भेजा। इसके बाद गड्ढे में अन्य दो बच्चों की तलाश शुरू की गई।

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद रोशनी और अंशुल को भी उसी गहरे गड्ढे से बाहर निकाल लिया गया। तीनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीओ समेत पुलिस अधिकारी पहुंचे

चरखारी क्षेत्राधिकारी दीपक दुबे ने बताया कि तीन बच्चों के गहरे पानी में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

थाना प्रभारी राहुल मिश्रा भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

तीन मासूमों की मौत से गांव में मातम

एक ही गांव के तीन बच्चों की मौत के बाद रिवई गांव में शोक का माहौल है। जिन घरों में बच्चे शाम तक लौटने का इंतजार किया जा रहा था, वहां देर रात मौत की खबर पहुंची तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि पानी से भरा यह गहरा गड्ढा लंबे समय से मौजूद था और बच्चे अक्सर इसके आसपास जाते थे। हादसे के बाद गांव के लोगों ने ऐसे खतरनाक स्थानों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से संबंधित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश

यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना

यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये

यह भी पढ़े : योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: यूपी में 250 नई इलेक्ट्रिक बसें, 2.76 लाख छात्रों के लिए खुलेगा छात्रवृत्ति पोर्टल

यह भी पढ़े : यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा