होम उप्र न्यूज़ शहीद पथ पर डबल डेकर बस में लगी भीषण आग, 30 यात्री...

शहीद पथ पर डबल डेकर बस में लगी भीषण आग, 30 यात्री सुरक्षित

0
21

गोरखपुर से गुजरात जा रही बस में 30 यात्री थे सवार, सभी सुरक्षित, कुछ सामान जला

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रविवार तड़के शहीद पथ पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेदांता हॉस्पिटल के सामने गोरखपुर से गुजरात जा रही एक डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्परता से आग पर काबू पा लिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना थाना सुशान्त गोल्फ सिटी क्षेत्र में शहीद पथ पर मेदांता हॉस्पिटल के सामने हुई। डबल डेकर बस संख्या NL07 B0574 गोरखपुर से गुजरात की ओर जा रही थी। बस में करीब 30 यात्री सवार थे।

चलते बस के टायर में लगी आग

प्रथम दृष्टया बस चालक ने पुलिस को बताया कि बस के चलते समय अचानक एक टायर में आग लग गई। टायर से उठी लपटों ने कुछ ही देर में बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया।

हालांकि, समय रहते सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस के अनुसार बस में सवार सभी 30 यात्री सुरक्षित हैं। हादसे में किसी भी यात्री की जान जाने की सूचना नहीं है। कुछ यात्रियों के सामान के आग में जलने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी, सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईंगंज और थाना प्रभारी सुशान्त गोल्फ सिटी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।पुलिस और दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। आग बुझाने के बाद पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को संभाला और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की।

शहीद पथ पर यातायात डायवर्ट

बस में आग लगने की घटना के बाद शहीद पथ पर यातायात प्रभावित हुआ। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने शहीद पथ पर यातायात को डायवर्ट कर दिया।घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात रहा और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया, ताकि आग की घटना के कारण किसी तरह की दूसरी दुर्घटना न हो।

कोई जनहानि नहीं, स्थिति नियंत्रण में

पुलिस ने स्पष्ट किया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। सभी 30 यात्री सुरक्षित हैं और स्थिति फिलहाल सामान्य एवं नियंत्रण में है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में टायर में आग लगना हादसे की वजह बताई गई है।पुलिस द्वारा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। बस को सुरक्षित स्थान पर हटाने और यातायात व्यवस्था को सामान्य करने की कार्रवाई जारी रही।

यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश

यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना

यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये

यह भी पढ़े : योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: यूपी में 250 नई इलेक्ट्रिक बसें, 2.76 लाख छात्रों के लिए खुलेगा छात्रवृत्ति पोर्टल

यह भी पढ़े : यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा