होम उप्र न्यूज़ ब्रज विकास को योगी सरकार का बड़ा रोडमैप, 3 साल में पूरी...

ब्रज विकास को योगी सरकार का बड़ा रोडमैप, 3 साल में पूरी होगी 84 कोसी परिक्रमा

0
21

सीएम योगी की अध्यक्षता में ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक, 200 धरोहरों के संरक्षण के लिए ‘तीर्थ मित्र’ योजना को मंजूरी

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और ब्रज क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने विकास, यातायात, विरासत संरक्षण और सुविधाओं को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम गीता शोध संस्थान परिसर स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय सभागार में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की नौवीं बोर्ड बैठक हुई। बैठक में ब्रज के समग्र विकास को लेकर कई अहम फैसलों पर सहमति बनी।

सबसे महत्वपूर्ण निर्णय ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा को लेकर हुआ। इसे अगले तीन वर्षों में तीन चरणों में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके अलावा मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग के समानांतर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए सुगम सड़क संपर्क विकसित करने की योजना पर भी सहमति बनी।

200 पुरानी धरोहरों के संरक्षण की तैयारी

ब्रज की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित करने के लिए अब ‘तीर्थ मित्र’ योजना शुरू की जाएगी। यह योजना संस्कृति विभाग की ‘स्मारक मित्र’ योजना की तर्ज पर विकसित होगी। इसके तहत ब्रज क्षेत्र में चिह्नित करीब 200 उच्च विरासत महत्व वाली जीर्ण-शीर्ण संरचनाओं और स्मारकों के संरक्षण का काम व्यवस्थित तरीके से कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने प्राचीन पांडुलिपियों, ब्रज के ज्ञान, साहित्य और ऐतिहासिक सामग्री को सुरक्षित रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को विरासत संरक्षण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

गोवर्धन परिक्रमा में मिलेंगी नई सुविधाएं

बैठक में हार्टफुलनेस फाउंडेशन, हैदराबाद की ओर से सीएसआर के माध्यम से ब्रज क्षेत्र में विकास कार्य कराने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 10 गोल्फ कार्ट दान किए जाने का प्रस्ताव सामने आया।

वृंदावन में प्रस्तावित नए सिटी बस मार्ग को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ऐसे ही वाहनों का संचालन किया जाए, जो स्थानीय सड़कों और मार्गों की स्थिति के अनुरूप हों। इससे यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के साथ श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

मल्टीलेवल पार्किंग में पार्किंग के साथ मिलेंगी कई सुविधाएं

मथुरा-वृंदावन में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रमुख स्थानों पर होल्डिंग एरिया विकसित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पीपीपी या रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर मल्टीलेवल पार्किंग तैयार करने पर जोर दिया गया।

प्रस्तावित पार्किंग परिसरों में केवल वाहनों की पार्किंग ही नहीं, बल्कि डॉरमेट्री, कैफे और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं भी विकसित करने की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी मिलने के बाद उनकी लगातार निगरानी भी जरूरी है। पुराने विकास कार्यों में तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

बारिश में सुरक्षित होगा वृंदावन परिक्रमा मार्ग

वृंदावन परिक्रमा मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने पर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मार्ग के निर्माण और सुदृढ़ीकरण में ऐसे पत्थर और मिट्टी का इस्तेमाल किया जाए, जिन पर बारिश के दौरान फिसलन न हो और श्रद्धालुओं के पैरों में भी परेशानी न आए।

मथुरा में लंबे समय से चली आ रही खारे पानी की समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को प्राथमिकता देने को कहा। भूजल स्तर बढ़ाने के लिए अधिक संख्या में तालाबों के निर्माण और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।

जन्माष्टमी को लेकर पुलिस-प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस-प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) पर कर्मचारियों की निरंतर मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा।

बारिश के मौसम को देखते हुए भी प्रशासन को लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

दो शिफ्ट में सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने ब्रज क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। शहर में दो शिफ्टों में सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को मजबूत करने और कूड़े के प्रभावी निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्रज में विकास कार्यों के साथ स्वच्छता व्यवस्था में भी जमीन पर बदलाव दिखाई देना चाहिए। श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक पर्यटन को ध्यान में रखते हुए नगर निकायों को अपनी व्यवस्थाएं लगातार बेहतर करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, राज्यसभा सदस्य तेजवीर सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, मेघश्याम सिंह और राजेश चौधरी, एमएलसी योगेश नौहवार, ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी समेत शासन और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा पर्यटन विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव अजय चौहान, वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रमुख सचिव वी. हेकाली झिमोमी, आवास एवं शहरी नियोजन तथा नगर विकास के प्रमुख सचिव पी. गुरूप्रसाद, परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन, पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत, आगरा मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश

यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना

यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये

यह भी पढ़े : योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: यूपी में 250 नई इलेक्ट्रिक बसें, 2.76 लाख छात्रों के लिए खुलेगा छात्रवृत्ति पोर्टल

यह भी पढ़े : यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा