परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के परिवार से जुड़ी एक दुखद घटना सामने आई है। बीरभूम जिले के रामपुरहाट में मंगलवार को उनकी भतीजी ब्रिष्टि मुखोपाध्याय का शव उनके घर की दूसरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना रामपुरहाट थाना क्षेत्र के कुसुम्बा गांव की है। सुबह परिवार के सदस्यों ने ब्रिष्टि को इस हालत में देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव को रामपुरहाट गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की बात पुलिस ने कही है।
ब्रिष्टि, ममता बनर्जी के चचेरे भाई निहार मुखोपाध्याय की बेटी थीं। उनके पिता ने बताया कि ब्रिष्टि पिछले करीब पांच-छह वर्षों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं और उनका नियमित रूप से उपचार कराया जा रहा था। उन्होंने कहा कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर की निचली मंजिल पर थे और उन्हें इस घटना की जानकारी बाद में हुई।
भर्ती मामले में भी आया था नाम
ब्रिष्टि मुखोपाध्याय का नाम पश्चिम बंगाल में स्कूल भर्ती से जुड़े विवाद में भी सामने आया था। उन पर प्राथमिक शिक्षक और ग्रुप-सी पदों पर कथित अनियमितता के जरिए नौकरी हासिल करने के आरोप लगाए गए थे। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद पश्चिम बंगाल सेंट्रल स्कूल सर्विस कमीशन की ओर से जारी नौकरी रद्द करने वालों की सूची में उनका नाम भी शामिल था। सूची में उनका नाम 608वें स्थान पर दर्ज था।
हालांकि, बताया गया है कि नौकरी मिलने के कुछ ही दिनों बाद ब्रिष्टि ने निजी कारणों का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था।
पारिवारिक पहलू की भी जांच
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ब्रिष्टि का अपने पति के साथ तलाक संबंधी विवाद भी पिछले कुछ महीनों से चल रहा था। उनकी शादी रामपुरहाट थाना क्षेत्र के अयश गांव में हुई थी। उनका 12 वर्षीय एक बच्चा भी है। पुलिस अब इस पहलू समेत घटना से जुड़े अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।
ममता बनर्जी का पैतृक गांव रामपुरहाट ब्लॉक-1 के चाकाईपुर में है, जबकि उनके मामा अनिल मुखोपाध्याय और उनके बेटे निहार मुखोपाध्याय का परिवार कुसुम्बा गांव में रहता है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आएगा।
यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश
यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना
यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये
यह भी पढ़े : यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा









