होम उप्र न्यूज़ यूपी में सड़क हादसों का कहर: हापुड़, ग्रेटर नोएडा और कासगंज में...

यूपी में सड़क हादसों का कहर: हापुड़, ग्रेटर नोएडा और कासगंज में 11 की मौत, 24 घायल

0
12

गंगा और यमुना एक्सप्रेसवे पर दो भीषण हादसों में आठ मौतें, कासगंज में श्रद्धालुओं से भरी मैक्स और ट्रक भिड़े; तीन की जान गई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रविवार रात से सोमवार सुबह तक अलग-अलग जिलों में हुए तीन भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। हापुड़, ग्रेटर नोएडा और कासगंज में हुए हादसों में कुल 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। कासगंज हादसे में घायल छह लोगों को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है।

हापुड़ में बेकाबू थार कई बार पलटी, चार युवकों की मौत

हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि एक तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर पलट गई। बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही थार में पांच लोग सवार थे। हादसे के बाद वाहन करीब पांच से छह बार पलटता हुआ सड़क किनारे जा गिरा।

हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकालकर सिखेड़ा सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान बदायूं निवासी जोगिंदर, सुखबीर, जसवंत और रवि के रूप में हुई है। हादसे में घायल 17 वर्षीय किशोर का उपचार चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार की रफ्तार करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी। इसी दौरान वाहन अचानक डगमगाया और बेकाबू होकर पलट गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात बहाल करा दिया है।

ग्रेटर नोएडा में ट्रक ने डिवाइडर तोड़ा, कार सवार चार की मौत

ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर भी रविवार रात दर्दनाक हादसा हुआ। नोएडा से आगरा की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर व रेलिंग तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे की दूसरी दिशा में पहुंच गया। इसी दौरान ट्रक की टक्कर सामने से जा रही कार से हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद जेवर पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

कासगंज में अस्थि विसर्जन को जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी भिड़ी, तीन की मौत

कासगंज में सोमवार तड़के करीब चार बजे मोहनपुरा के पास शिव इंटर कॉलेज कांतोर के नजदीक मैक्स पिकअप और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। मैक्स पिकअप में राजस्थान के करौली जिले के 26 श्रद्धालु सवार थे, जो सोरों में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, एसपी और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को कासगंज जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में 23 लोग घायल हुए हैं। घायलों में सात बच्चे, आठ महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

तीन हादसों ने मचाई तबाही

रविवार रात से सोमवार सुबह तक हुए इन तीन हादसों में अलग-अलग कारणों से 11 लोगों की जान चली गई। पुलिस और प्रशासन ने सभी घटनाओं में राहत एवं बचाव कार्य कराया और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। संबंधित पुलिस टीमें हादसों के कारणों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही हैं।

यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश

यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना

यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये

यह भी पढ़े : योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: यूपी में 250 नई इलेक्ट्रिक बसें, 2.76 लाख छात्रों के लिए खुलेगा छात्रवृत्ति पोर्टल

यह भी पढ़े : यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा