पटना। बिहार सरकार ने शनिवार देर रात प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए कुल 83 अधिकारियों का तबादला कर दिया। सामान्य प्रशासन विभाग ने बिहार प्रशासनिक सेवा के 56 अधिकारियों, जबकि गृह विभाग ने बिहार पुलिस सेवा के 27 पुलिस पदाधिकारियों के स्थानांतरण की अधिसूचना जारी की है।
तबादले के बाद कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागों और जिलों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, स्थानांतरित किए गए बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकांश अधिकारी फिलहाल पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे। इनमें राकेश कुमार को पथ निर्माण विभाग में उप सचिव, मनीष कुमार को सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव तथा अभिनव कुमार को युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में उप सचिव बनाया गया है।
इसी तरह अनिल कुमार को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी और अभिषेक कुमार को नगर विकास एवं आवास विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वंदना सिन्हा को कला एवं संस्कृति विभाग में उप सचिव, सुवीर रंजन को जल संसाधन विभाग में उप सचिव और अविनाश कुमार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में उप सचिव बनाया गया है।
तबादला सूची में कई अधिकारियों को जिलों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। नीरज कुमार को शेखपुरा का बंदोबस्त पदाधिकारी, प्रभात कुमार को मुंगेर का बंदोबस्त पदाधिकारी तथा शंकर शरण ओमी को पूर्णिया के बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं, संदीप कुमार को जहानाबाद का बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा रीतु रानी को गोपालगंज का वरीय उप समाहर्ता, अमित विक्रम बैना को रोहतास का वरीय उप समाहर्ता, निखिल कुमार को सहरसा का वरीय उप समाहर्ता और निधि राज को पश्चिम चंपारण का वरीय उप समाहर्ता बनाया गया है। संतोष कुमार को गोपालगंज में अनुमंडल पदाधिकारी, जबकि पूजा कुमारी को समस्तीपुर के रोसड़ा का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है।
वहीं, बिहार पुलिस सेवा के 27 पदाधिकारियों का भी तबादला किया गया है। गृह विभाग की अधिसूचना के मुताबिक सोन कुमार राय को पटना का पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) बनाया गया है। वहीं, उमेश्वर चौधरी को फुलवारीशरीफ का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा प्रेमचंद सिंह को छपरा सदर का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है। पोलस्त कुमार को महुआ, वैशाली, सुशील कुमार को आरा सदर और प्रशांत कुमार को बेगूसराय सदर का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है। गुलशन कुमार को रेल गया में पुलिस उपाधीक्षक की जिम्मेदारी मिली है।
सूची में राजेश कुमार को हथुआ, गोपालगंज, अजीत प्रताप सिंह चौहान को धमदाहा, पूर्णिया, अमरकांत को मंझौल, बेगूसराय और सतीश सुमन को समस्तीपुर सदर का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा पंकज कुमार मिश्रा को मोतिहारी सदर, गोरख राम को डुमरांव, आनंद मोहन गुप्ता को सिवान सदर, निशिकांत भारती को सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर, तथा चंद्र भूषण को दाउदनगर, औरंगाबाद का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के तबादले में 2024 और 2025 बैच के पदाधिकारी भी शामिल हैं। अभिनव कुमार को बजीरगंज, गया, पंकज कुमार सिंह को त्रिवेणीगंज, सुपौल, पवन कुमार को वीरपुर, सुपौल और पवन कुमार सिंह को उदाकिशुनगंज, मधेपुरा की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार के इस देर रात किए गए व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को आगामी दिनों में जिलों और विभागों के कामकाज को और प्रभावी बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश
यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना
यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये
यह भी पढ़े : यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा









