होम देश प्रदेश जन्मदिन की खुशी से लौट रहे थे, रास्ते में मौत ने घेरा;...

जन्मदिन की खुशी से लौट रहे थे, रास्ते में मौत ने घेरा; बस-ऑटो की टक्कर में 7 की दर्दनाक मौत

0
18

पलनाडू में तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने ऑटो को मारी टक्कर, छह महिलाओं समेत सात की मौत; चार बच्चों सहित 8 घायल

अमरावती। आंध्र प्रदेश के पलनाडू जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर घर लौट रहे लोगों से भरे ऑटो-रिक्शा को विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही एक प्राइवेट बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि ऑटो में सवार सात लोगों की जान चली गई। मृतकों में छह महिलाएं शामिल हैं। हादसे में चार बच्चों समेत आठ लोग घायल हुए हैं।

हादसा चिलकलूरिपेट में अड्डा रोड के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे। सभी पलनाडू जिले के चिलकलूरिपेट मंडल के वेलुरु गांव के रहने वाले थे और प्रकाशम जिले के कोंडामांजुलुर में आयोजित जन्मदिन की पार्टी से वापस लौट रहे थे। घर पहुंचने से पहले ही उनका सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।

किसी की मौके पर छूटी सांस, किसी ने अस्पताल में दम तोड़ा

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल लोगों को गुंटूर के सरकारी जनरल अस्पताल और चिलकलूरिपेट सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल की भी चिलकलूरिपेट सरकारी अस्पताल में मौत हो गई।

पुलिस ने मृतकों की पहचान बोंटू बाबू (62), बोंटू मानेम्मा (55), संपूर्णम्मा (70), गंगम्मा (50), लक्ष्मम्मा (75), चौतुपल्ली स्वार्थम्मा (45) और मारियम्मा (45) के रूप में की है।

हादसे की खबर से गांव में पसरा मातम

एक साथ सात लोगों की मौत की खबर जैसे ही वेलुरु गांव पहुंची, वहां मातम पसर गया। जिन परिवारों में कुछ घंटे पहले जन्मदिन की खुशी थी, वहां अब चीख-पुकार सुनाई दे रही है। हादसे में घायल आठ लोगों का अस्पतालों में इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री समेत नेताओं ने जताया दुख

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी हादसे पर शोक जताया और जिला अधिकारियों से बात कर घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने पलनाडू के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से हादसे की जानकारी ली। उन्होंने मृतकों और घायलों की स्थिति के साथ राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। गृह मंत्री ने दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच के निर्देश दिए हैं। इसमें हादसे की परिस्थितियों, बस की रफ्तार और चालक की संभावित लापरवाही की भी जांच की जाएगी।उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोकने के लिए सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी पालन पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है।

यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश

यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना

यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये

यह भी पढ़े : योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: यूपी में 250 नई इलेक्ट्रिक बसें, 2.76 लाख छात्रों के लिए खुलेगा छात्रवृत्ति पोर्टल

यह भी पढ़े : यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा