एसएमयूपीन्यूज,लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर थाने में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब थाने की ही बैरक में तैनात 2019 बैच के सिपाही आकाश यादव का शव कमरे में मिला। आकाश गोमतीनगर थाने की क्राइम टीम में तैनात थे और लंबे समय से इसी थाने में कार्यरत थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
पुरुष बैरक की तीसरी मंजिल पर दाहिनी ओर का कमरा अंदर से बंद था
पुलिस के मुताबिक, घटना 9 अगस्त की शाम करीब 5:45 बजे की है। थाना परिसर स्थित पुरुष बैरक की तीसरी मंजिल पर दाहिनी ओर का कमरा अंदर से बंद था। आकाश के साथी सिपाही सतीश खरवार जब बैरक लौटे तो उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
आकाश का शव पंखे से चादर के सहारे लटका हुआ मिला
इसके बाद सतीश ने दरवाजे के ऊपर बने रोशनदान में लगी दफ्ती हटाकर अंदर देखा तो आकाश का शव पंखे से चादर के सहारे लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आवश्यक प्रक्रिया और वीडियोग्राफी के बाद कमरे का दरवाजा खोलकर पुलिसकर्मियों ने अंदर प्रवेश किया और आकाश को नीचे उतारा।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए
पुलिस टीम तत्काल उन्हें लोहिया चिकित्सालय लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
बैरक में छह पुलिसकर्मियों के रहने की थी व्यवस्था
बताया जा रहा है कि जिस बैरक में आकाश रहते थे, वहां सामान्य तौर पर करीब छह पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था थी। हालांकि घटना के समय वह कमरे में अकेले थे। उनके साथी सिपाही सतीश खरवार कुछ समय के लिए बाहर गए थे। वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा बंद मिलने से घटना का पता चला।
2020 से 2024 तक चिनहट, फिर गोमतीनगर में मिली थी तैनाती
आकाश यादव मूल रूप से बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़की के रहने वाले थे। वह विवाहित थे। वर्ष 2020 से 2024 तक उनकी तैनाती चिनहट थाने में रही। वर्ष 2024 में गोमतीनगर थाने में तैनाती मिलने के बाद से वह यहीं कार्यरत थे और वर्तमान में क्राइम टीम का हिस्सा थे।
परिवार को दी गई सूचना
गोमतीनगर इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी आकाश यादव के परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है।पुलिस के अनुसार, आकाश ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़े : यूपी में 13 आईएएस अधिकारियों के तबादले, इंद्र विक्रम सिंह बने गोरखपुर के नए मंडलायुक्त
यह भी पढ़े : राज्यसभा से एमएसएमई संशोधन विधेयक 2026 पास, भुगतान व्यवस्था होगी मजबूत
यह भी पढ़े : बांकीपुर में प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत, भाजपा 19,324 वोटों से हारी
यह भी पढ़े : अधिवक्ताओं के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, कैशलेस इलाज की सुविधा जल्द होगी लागू









