होम देश प्रदेश IIT दिल्ली दीक्षांत समारोह में PM मोदी का छात्रों से मजाकिया अंदाज...

IIT दिल्ली दीक्षांत समारोह में PM मोदी का छात्रों से मजाकिया अंदाज में संवाद, बोले- ‘मैं बाबा बागेश्वर नहीं हूं’

0
21

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आईआईटी दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए और छात्रों को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने बदलती तकनीक, नवाचार, आत्मनिर्भरता और युवाओं की भूमिका पर विस्तार से बात की। इस दौरान पीएम मोदी का हल्का-फुल्का अंदाज भी देखने को मिला।

छात्रों से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके मन में भविष्य को लेकर कुछ न कुछ जरूर चल रहा होगा। उन्होंने कहा, “मैं तो बाबा बागेश्वर नहीं हूं, लेकिन कुछ तो चलता होगा।” पीएम मोदी ने कहा कि आज की दुनिया तेजी से बदल रही है और कोई यह नहीं बता सकता कि आने वाले 20-30 वर्षों में परिस्थितियां कैसी होंगी। हालांकि, बदलती तकनीक और नई परिस्थितियां युवाओं के लिए नए अवसर भी लेकर आएंगी।

उन्होंने छात्रों से कहा कि जो लगातार सीखते रहते हैं और नई चुनौतियों के लिए खुद को तैयार रखते हैं, वही आगे बढ़ते हैं। चुनौतियों को अवसर में बदलने की क्षमता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी दिल्ली में छात्रों ने इसी तरह समस्याओं को समझने और उनके समाधान तलाशने की क्षमता विकसित की है।

IIT दिल्ली को बताया छात्रों का दूसरा घर

दीक्षांत समारोह के भावुक पलों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने छात्रों से कहा कि जब भी उन्हें जीवन में पीछे मुड़कर देखने का मौका मिलेगा, तो उन्हें अपने दोस्त, शिक्षक, मेंटर और संस्थान से जुड़ी यादें जरूर याद आएंगी। उन्होंने कहा कि प्रोफेसरों और सपोर्ट स्टाफ ने छात्रों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रधानमंत्री ने छात्रों से इन सभी लोगों और संस्थान के प्रति हमेशा आभार बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आईआईटी दिल्ली धीरे-धीरे छात्रों के लिए एक घर की तरह बन गया है और भविष्य की हर सफलता में इसकी भूमिका को याद किया जाएगा।

सवाल पूछने के साथ समाधान तलाशने की सीख

पीएम मोदी ने छात्रों से जीवन में जिज्ञासा बनाए रखने और लगातार सीखते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो बातें बिना सोचे-समझे स्वीकार कर ली जाती हैं, उन्हें परखना चाहिए और जरूरत पड़ने पर सवाल भी उठाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि केवल सवाल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन सवालों के समाधान खोजने का साहस भी होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आर्थिक, तकनीकी और औद्योगिक क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है।

सेमीकंडक्टर से ‘चिप से शिप’ तक का विजन

प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर सेक्टर का उदाहरण देते हुए कहा कि जब भारत ने इस दिशा में आगे बढ़ने का फैसला किया, तब कई लोगों ने सवाल उठाए थे कि देश ऐसा नहीं कर सकता। लेकिन अब पहली सेमीकंडक्टर यूनिट में उत्पादन शुरू हो चुका है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत में “चिप से लेकर शिप तक” सब कुछ तैयार करने की क्षमता विकसित होगी और इसमें युवाओं की भूमिका अहम होगी।

‘विकसित भारत’ में युवाओं की बड़ी भूमिका

पीएम मोदी ने कहा कि भारत को मजबूत आधार के साथ ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना है। इस यात्रा में देश के युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवा जितने मजबूत होंगे, देश उतना ही मजबूत बनेगा।

उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने के उद्देश्य से कई ऐसे सेक्टर खोले गए हैं, जिनमें पहले प्रवेश की सीमाएं थीं। आधुनिक सोच और नई तकनीक के साथ गवर्नेंस में भी बदलाव किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें।

ड्रोन सेक्टर में युवा दिखा रहे नई राह

प्रधानमंत्री ने ड्रोन सेक्टर में हो रहे बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश के युवा ड्रोन तकनीक के जरिए खेती से लेकर स्वास्थ्य और सुरक्षा तक कई क्षेत्रों में नई संभावनाएं तलाश रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ड्रोन का इस्तेमाल खेतों में काम करने, दवाइयां पहुंचाने और देश की रक्षा एवं सुरक्षा को मजबूत करने में किया जा रहा है। पीएम ने कहा कि आज युवा नई तकनीक को सिर्फ इस्तेमाल नहीं कर रहे, बल्कि उसे विकसित करने और नए समाधान तैयार करने में भी आगे बढ़ रहे हैं।

स्टार्टअप क्रांति को युवाओं ने दी ताकत

प्रधानमंत्री ने भारत की स्टार्टअप क्रांति में युवाओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम को आगे बढ़ाने में आईआईटी जैसे संस्थानों से निकले युवाओं की बड़ी भूमिका रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि आईआईटी दिल्ली जैसे एक संस्थान से बड़ी संख्या में संस्थापक और उद्यमी निकल सकते हैं, तो पूरे देश में तैयार हो रही युवा प्रतिभा की ताकत का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने छात्रों से इस क्षमता का इस्तेमाल देश के विकास और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में करने का आह्वान किया।

यह भी पढ़े : यूपी में 13 आईएएस अधिकारियों के तबादले, इंद्र विक्रम सिंह बने गोरखपुर के नए मंडलायुक्त

यह भी पढ़े : राज्यसभा से एमएसएमई संशोधन विधेयक 2026 पास, भुगतान व्यवस्था होगी मजबूत

यह भी पढ़े : बांकीपुर में प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत, भाजपा 19,324 वोटों से हारी

यह भी पढ़े : अधिवक्ताओं के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, कैशलेस इलाज की सुविधा जल्द होगी लागू

यह भी पढ़े : बंगाल में पुलिस भर्ती का बड़ा ऐलान, 1 लाख नए जवानों की होगी भर्ती, दुर्गापूजा से पहले 14 हजार को मिलेगी तैनाती