आरा। बिहार के भोजपुर जिले में शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर गुरुवार देर शाम अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रतनपुर ओवरब्रिज के पास हुई इस घटना में सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) राहुल रंजन समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय का काम समाप्त होने के बाद डीपीएम राहुल रंजन अपने दो सहयोगियों के साथ वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रतनपुर ओवरब्रिज के समीप एक कार ने उनकी गाड़ी को रोक लिया।
आरोप है कि कार से उतरे आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से अधिकारियों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद सभी हमलावर फरार हो गए।
घायलों का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से हमला किया। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मानवेंद्र कुमार राय मुफस्सिल थाने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित तीन कर्मियों पर जानलेवा हमला किया गया है। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़े : यूपी में 13 आईएएस अधिकारियों के तबादले, इंद्र विक्रम सिंह बने गोरखपुर के नए मंडलायुक्त
यह भी पढ़े : राज्यसभा से एमएसएमई संशोधन विधेयक 2026 पास, भुगतान व्यवस्था होगी मजबूत
यह भी पढ़े : बांकीपुर में प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत, भाजपा 19,324 वोटों से हारी
यह भी पढ़े : अधिवक्ताओं के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, कैशलेस इलाज की सुविधा जल्द होगी लागू









