संजीव सिंह,बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गुरुवार रात एक सनसनीखेज हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सहतवार थाना क्षेत्र के उदहां गांव में 70 वर्षीय पूर्व प्रधान रामव्यास वर्मा की अज्ञात बदमाशों ने सोते समय सिर पर जानलेवा वार कर निर्मम हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह ट्यूबवेल पर उनका खून से लथपथ शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रामव्यास वर्मा रोज की तरह गुरुवार रात भोजन करने के बाद घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित अपने ट्यूबवेल पर सोने गए थे। शुक्रवार सुबह जब परिजन उन्हें बुलाने पहुंचे तो तख्त पर उनका रक्तरंजित शव पड़ा मिला। शव के आसपास बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था। यह दृश्य देखते ही परिजनों की चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही सहतवार थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने ईंट या किसी भारी लोहे की वस्तु से वार कर हत्या की। हालांकि, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।दिनदहाड़े नहीं, बल्कि रात के सन्नाटे में हुई इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में भय का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़े :फर्जी FASTag से करोड़ों के टोल राजस्व की चोरी का भंडाफोड़
यह भी पढ़े : UPSSSC ने जारी किया एक्स-रे टेक्नीशियन भर्ती का फाइनल रिजल्ट, 377 अभ्यर्थियों का चयन