लखनऊ। पीजीआई थाना पुलिस ने घरों में चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, घरेलू सामान और वारदात में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन बरामद किया है।
पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम स्थित एक बंद मकान में चोरी की घटना दर्ज की गई थी। पीड़िता ने बताया था कि गांव से लौटने पर घर के ताले टूटे मिले और सोने-चांदी के गहनों सहित घरेलू सामान चोरी हो चुका था।
मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर डलौना रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास के पास से पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे सभी आपस में मित्र हैं और ऑटो चालक का काम करते हैं। आर्थिक तंगी के चलते वे बंद मकानों की पहले रेकी करते थे और मौका मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देकर सामान आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से पायल, लॉकेट, अंगूठी, टॉप्स, गैस सिलेंडर, मिक्सी, गैस चूल्हा, कुकर समेत अन्य चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। सभी आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
यह भी पढ़े : UPSSSC ने जारी किया एक्स-रे टेक्नीशियन भर्ती का फाइनल रिजल्ट, 377 अभ्यर्थियों का चयन
यह भी पढ़े : अपराधियों का 100 प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें : डीजीपी
यह भी पढ़े : लंबे समय तक आपसी सहमति से बने शारीरिक संबंध ‘बलात्कार’ नहीं : हाईकोर्ट
