लखनऊ। राजधानी के आशियाना थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस की नियमित वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी कार्रवाई सामने आई। पुलिस ने एक लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार के गुप्त लॉकर से 26 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद की। मौके पर मौजूद युवक नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने तत्काल आयकर विभाग को सूचना दी। आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और धनराशि के स्रोत की जांच शुरू कर दी। वहीं बीएमडब्ल्यू और स्कॉर्पियो दोनों वाहनों को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 3/4 जुलाई 2026 की रात आशियाना थाना प्रभारी ओम प्रकाश यादव अपनी टीम के साथ चौकी किला क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान स्मृति उपवन के पास स्थित सोशल प्वाइंट रेस्टोरेंट के निकट एक बीएमडब्ल्यू कार (HR-70G-9172) और स्कॉर्पियो (UP-32 QB-6630) संदिग्ध स्थिति में खड़ी मिलीं। दोनों वाहनों के पास तीन युवक मौजूद थे।
पुलिस ने जब वाहनों के दस्तावेज मांगे तो युवक कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। ई-चालान एप से जांच में पता चला कि बीएमडब्ल्यू शिवांशु कुमार पाण्डेय और स्कॉर्पियो कृष्णा कुमार सिंह के नाम पंजीकृत है।
पूछताछ के दौरान युवकों ने बताया कि वे कार में रखी नकदी की गिनती कर रहे थे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए बीएमडब्ल्यू की तलाशी ली। तलाशी के दौरान डिग्गी में बने एक विशेष लॉकर से 500-500 रुपये के नोटों की 52 गड्डियां, कुल 26 लाख रुपये, बरामद हुए।
नकदी का नहीं मिला वैध हिसाब
मौके पर मौजूद शिवांशु पाण्डेय (21), रोचमन वर्मा (19) और रचित ठाकुर उर्फ अथर्व (21) से नकदी के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई भी वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल आयकर विभाग को सूचना दी।
आयकर विभाग करेगा जांच
सूचना पर पहुंची आयकर विभाग की टीम ने नकदी के स्रोत और उसके वैध होने की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दोनों वाहन किए गए सीज
जांच के दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। ऐसे में पुलिस ने बीएमडब्ल्यू और स्कॉर्पियो दोनों वाहनों को नियमानुसार सीज कर दिया है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि शहर में अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए विशेष वाहन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़े : काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट पर पीएसी जवान की कार्बाइन से चली गोली, तीन लोग घायल
यह भी पढ़े : UP Crime: छोटे भाई ने सोते समय बड़े भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे की हत्या
यह भी पढ़े : लखनऊ में मौत की आग: कोचिंग और एनीमेशन सेंटर में फंसे 15 मासूम जिंदा जले
यह भी पढ़े : लखनऊ अग्निकांड : सीएम योगी के निर्देश पर दो सदस्यीय विशेष जांच दल गठित
यह भी पढ़े : लखनऊ कोचिंग आग हादसे में पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार, चार अफसर सस्पेंड
