हथीन (हरियाणा)।हरियाणा प्रदेश के हथीन थाना क्षेत्र से दिल को दहला देने वाली घटना सामने आयी है। गांव के ही कुछ दरिंदों ने एक युवती को उसके ही घर के गेट से अगवा कर लिया और फिर नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। हैवानियत की यह खौफनाक कहानी नूंह जिले के एक फार्म हाउस तक जा पहुंची, जहां युवती को मौत की धमकी देकर बारी-बारी से दरिंदगी की गई।
घर के बाहर कूड़ा डालने निकली थी पीड़िता
पीड़िता के मुताबिक, 14 जनवरी की शाम करीब 8 बजे वह घर के बाहर कूड़ा डालने निकली थी। तभी अचानक एक कार आकर रुकी। कार में गांव के ही अरबाज, शहबाज और बिल्ला सवार थे। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, दो आरोपियों ने उसे दबोच लिया और जबरन गाड़ी में खींच लिया। एक आरोपी ने उसके मुंह पर कपड़ा रखकर कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
होश आया तो फार्म हाउस में बंद पाया
होश आया तो खुद को एक अनजान फार्म हाउस/होटल के कमरे में बंद पाया। पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी गई कि शोर मचाया तो उसकी लाश भी नहीं मिलेगी। इसी दौरान आरोपियों ने फार्म हाउस में दो और अज्ञात युवकों को बुला लिया। इसके बाद शुरू हुआ हैवानियत का तांडव—पांच दरिंदों ने नशीला पदार्थ खिलाकर पीड़िता के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
आरोपियों ने पीड़िता परिवार को करते रहे गुमराह
यहीं नहीं रुके आरोपी। पीड़िता को कई जगहों पर इधर-उधर घुमाते रहे। इस दौरान आरोपियों के परिजन पीड़िता के परिवार को गुमराह करते रहे और उसे सौंपने का झांसा देते रहे। आखिरकार 15 जनवरी को आरोपी अरबाज और उसके साथी पीड़िता को उसके पैतृक गांव के पास एक गांव में छोड़कर फरार हो गए।घर पहुंचते ही पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद हथीन थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की दरिंदों की तलाश
पुलिस ने मामले में अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। थाना प्रभारी हरिकिशन के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी पुष्पा के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।फिलहाल सवाल यही है—क्या दरिंदे सलाखों के पीछे पहुंचेंगे या फिर सिस्टम की सुस्ती उन्हें बचा लेगी?
यह भी पढ़े : 2027 में बिना गठबंधन मैदान में उतरेगी बसपा, मायावती का ऐलान-अपने दम पर बनेगी सरकार
