बरेली । बरेली इस समय भीषण ठंड की चपेट में है। पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ नजर आ रहा है। गुरुवार को बर्फीली हवाओं ने ऐसा कहर बरपाया कि दिन का तापमान छह डिग्री गिरकर 10.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस मौसम में पूरे प्रदेश में सबसे कम दर्ज किया गया। रात का पारा भी 3.5 डिग्री तक लुढ़क गया, जिससे बरेली प्रदेश की तीसरी सबसे सर्द रात वाला शहर बन गया।

राहगीर अलाव और अंगीठी के पास ठंड से राहत तलाशते रहे

सुबह से ही ठंड ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। कड़ाके की गलन और सर्द हवाओं के चलते धूप निकलने की उम्मीद भी बेकार साबित हुई। बाजारों, दफ्तरों और घरों में लोग हीटर और ब्लोअर के सहारे दिन काटते दिखे। सड़क पर निकले राहगीर अलाव और अंगीठी के पास ठंड से राहत तलाशते रहे। तापमान सामान्य से करीब 11 डिग्री नीचे चला गया, जिससे ठंड का असर और तीखा हो गया।शाम ढलते ही हालात और खराब हो गए। बाजारों में रौनक गायब हो गई और ग्राहक कम होने के कारण दुकानों के शटर समय से पहले गिरने लगे। सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और पूरा शहर ठंड से कंपकंपाता नजर आया।

बर्फबारी के कारण बरेली में शीतलहर का प्रकोप बढ़ा

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण बरेली में शीतलहर का प्रकोप बढ़ा है। हालांकि आने वाले 5–6 दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे 4 से 6 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है। इसके साथ ही कोहरे का असर बढ़ेगा। 18 और 19 जनवरी को रुहेलखंड के कुछ जिलों में हल्की बारिश और रिमझिम फुहारों के आसार भी जताए गए हैं।

बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ा निर्णय लिया

भीषण ठंड और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ा निर्णय लिया है। कक्षा आठ तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों को 17 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। हालांकि, यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए लागू होगा। शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहकर विभागीय कार्यों और परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे रहेंगे।कुल मिलाकर बरेली इस वक्त कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। बर्फीली हवाओं और शीतलहर ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है और लोग अब बस धूप और तापमान बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़े : माघ मेला : मकर संक्रांति पर प्रयागराज में आस्था का महासंगम, 1.03 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

यह भी पढ़े : 2027 में बिना गठबंधन मैदान में उतरेगी बसपा, मायावती का ऐलान-अपने दम पर बनेगी सरकार

यह भी पढ़े : छत पर खून का तांडव, मां-पत्नी की बेरहमी से हत्या, गांव वालों के सामने फेंकता रहा मांस के टुकड़े

यह भी पढ़े : प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत से बढ़ी सियासी हलचल, कटियार की दावेदारी ने बढ़ाया नेतृत्व का धर्मसंकट

यह भी पढ़े : यूपी पुलिस भर्ती 2025: होमगार्ड अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *