एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । यूपी में सड़क हादसों ने दो जिलों बस्ती और उन्नाव में भारी तबाही मचाई। सोमवार देर रात बस्ती के कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर एक ट्रक और प्राइवेट बस की भीषण टक्कर हुई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। बस में लगभग 60 यात्री सवार थे, जो संतकबीर नगर से अजमेर शरीफ के उर्स में शामिल होने जा रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची डीएम व एसपी
पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना, पुलिस अधीक्षक अभिनंदन और एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।डीआईजी ने बताया कि हादसा हरदिया के पास रात 11 बजे हुआ। बस जैसे ही हरदिया पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतकों की पहचान बस्ती निवासी अब्दुल्ला (60), मुख्तार अली (75), बस चालक संदीप पांडेय (32) और ट्रक चालक शिवराज सिंह के रूप में हुई। प्रशासन ने घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़े : पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष निर्वाचित, सीएम योगी ने जताया हर्ष
घना कोहरा के कारण कार पलटी, चार की गई जान
उन्नाव में मंगलवार सुबह 6 बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर घना कोहरा होने के कारण एक कार पलट गई। कार आगरा से लखनऊ की ओर जा रही थी और बांगरमऊ क्षेत्र की हवाई पट्टी पर लगभग 500 मीटर तक डिवाइडर से टकराकर कई बार पलटी खाकर चकनाचूर हो गई। हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौत हुई।
यह भी पढ़े : यमुना एक्सप्रेस-वे बना आग का कब्रिस्तान, जिंदा जले यात्री, 10 की मौत, दर्जनों झुलसे
चौथे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई
मृतकों की पहचान अशोक अग्रवाल (57), आकाश अग्रवाल (35), अभिनव अग्रवाल (20) सभी गाजियाबाद के मोदीनगर निवासी के रूप में हुई। चौथे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस और यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।दोनों हादसों में प्रशासन और पुलिस की टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य किए। जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया और घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हादसों की जांच जारी है।

बागपत के सिपाही सहित दो लाेगाें की सड़क दुर्घटना में मौत
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में सिंघावली अहीर थाने पर तैनात एक कांस्टेबल सहित दो लोगों की सोमवार रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग घायल हैं। दुर्घटना की जानकारी पर पहुंची मेरठ की जानी व बागपत की बालैनी पुलिस ने घायलों को मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया है।
यह भी पढ़े : कोई न रहे परेशान, सरकार दे रही बिजली बिल में बड़ी राहत
मेरठ जिले में दबिश देकर वापस लौट रहे थे
सिंघावली अहीर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल राहुल कुमार और हेड कांस्टेबल कौशल शर्मा सोमवार देर रात करीब 2:00 बजे मेरठ जिले में दबिश देकर वापस लौट रहे थे। उनके साथ बसोद गांव के अजहरुद्दीन, गुड्डू व तैयब भी थे। जैसे ही उनकी कार मेरठ बागपत रोड पर जानी नहर के पास पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर हिंडन नदी में गिर गई। घटना में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। भाेर के समय करीब 4:00 बजे घायल गुड्डू को होश आया और उसने सड़क दुर्घटना की जानकारी अपने परिजनों और पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर दी। माैके पर बागपत की बालैनी और मेरठ की जानी थानाें की पुलिस पहुंची।
पुलिस टीमाें काे नदी किनारे क्षतिग्रस्त गाड़ी दिखाई दी
इस बीच सिंघावली अहीर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस टीमाें काे नदी किनारे क्षतिग्रस्त गाड़ी दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने मशक्कत कर सभी लोगों को गाड़ी से बाहर निकाला और एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने हेड कांस्टेबल राहुल और अजहरुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। घायल कांस्टेबल कौशल शर्मा, गुड्डू और तैयब को मेरठ रेफर कर दिए गए। बागपत एसपी सूरज कुमार राय ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली है।
यह भी पढ़े : राष्ट्रपति ने राज कुमार गोयल को मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में दिलाई शपथ
एक कांस्टेबल सहित तीन लाेग गंभीर रूप से घायल
सिंघावली अहीर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि कोर्ट के एक नोटिस पर हेड कांस्टेबल राहुल और कौशल शर्मा बसोद गांव निवासी गुड्डू, तैयब और अजहरुद्दीन को साथ लेकर मेरठ दबिश देने के लिए गए थे। रात्रि में करीब 2:00 बजे जब वह वापस लौट रहे थे तभी दुर्घटना का शिकार हो गए। इस दुर्घटना में राहुल और अजहरुद्दीन की मौत हो गई है, जबकि एक कांस्टेबल सहित तीन लाेग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का मेरठ अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़े :राज्यसभा में चुनाव सुधारों पर तीखी बहस, ईवीएम से लेकर एसआईआर तक सत्ता–विपक्ष आमने-सामने
