एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । शामली जनपद में थाना झिंझाना क्षेत्र के ग्राम भोगी माजरा के जंगल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में एक कुख्यात इनामी अपराधी फैसल पुत्र अकील ढेर हो गया। फैसल पर लूट, हत्या और अन्य 17 आपराधिक मामलों के आरोप थे।
बदमाशों ने फायरिंग की और झिंझाना की तरफ भाग गए
जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को सुबह लगभग 6:15 बजे ग्राम वेदखेड़ी बाग के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने ग्राम बरनावी थाना कैराना के एक दंपती से मोटरसाइकिल, मोबाइल और 3,000 रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग की और झिंझाना की तरफ भाग गए।
स्वाट टीम और पुलिस ने मिलकर की कार्रवाई
सूचना पर शामली पुलिस, स्वाट टीम और थाना झिंझाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। बीती रात्रि आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में फैसल घायल हो गया। कार्यवाही में पुलिस का सिपाही दीपक भी घायल हुआ। दोनों को उपचार हेतु पहले सीएचसी ऊन और फिर जिला अस्पताल शामली में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान फैसल को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि सिपाही दीपक उपचाराधीन हैं।
संजीव जीवा गैंग का सदस्य था फैसल
पुलिस ने मृतक फैसल के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, लूटी गई प्लेटिना, मोबाइल, नगदी, दो 32 बोर पिस्टल, 9 जिन्दा और 5 खोखा कारतूस, आधार कार्ड, पैन कार्ड और एक ओप्पो मोबाइल बरामद किया। फैसल मुजफ्फरनगर का निवासी था और मूल रूप से मेरठ के लिसाड़ी गेट का रहने वाला था। वह संजीव जीवा गैंग का सक्रिय सदस्य था और उसके खिलाफ एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
फैसल के ऊपर कुल 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज
एसपी ने बताया कि फैसल पर जनपद शामली और मुजफ्फरनगर में कुल 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या और लूट के गंभीर मामले भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार साथी की तलाश जारी है।
यह भी पढ़े : बांग्लादेशी घुसपैठियों का बड़ा अड्डा बन रहा लखनऊ : पूर्व डीजीपी ब्रजलाल
यह भी पढ़े : लखनऊ में बाइक चोरी करते रंगेहाथ पकड़ा गया युवक, खंभे से बांधकर की पिटाई, वीडियो वायरल
यह भी पढ़े : अमेरिका में बैठे एनआरआई को सीसीटीवी से दिखी चोरी, पुलिस जांच में जुटी
यह भी पढ़े : ओवरलोड ट्रक छोड़ने में रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल, डीजीपी ने 11 पुलिसकर्मीकिया निलंबित
