एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में उमाशंकर दुबे हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। अखंडनगर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में शामिल दो आरोपियों में से एक को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पकड़ा, जबकि दूसरा आरोपी भागते वक्त गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में गोली लगने से घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो शुरू कर दी फायरिंग
सीओ कादीपुर विनय गौतम के अनुसार, बुधवार सुबह अखंडनगर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नगरी अंडरपास से कल्याणपुर अंडरपास की ओर जाने वाले एक्सप्रेस-वे के सर्विस लेन पर मोकलपुर तिराहा के पास घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश विवेक उर्फ पिल्लू निवासी खुशामदपुर के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जबकि उसका साथी आशीष मौके से भागने का प्रयास करते हुए दबोच लिया गया।
मंगलवार को उमशंकर की कर दी गई थी निर्मम हत्या
पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। दोनों के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।बताया गया कि मंगलवार दोपहर खानपुर पिलाई गांव के पास उमाशंकर दुबे की निर्मम पिटाई कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पुत्र दिलीप दुबे की तहरीर पर दोनों आरोपियों सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।घटना के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे उमाशंकर दुबे गांव के बाहर नदी किनारे भैंस चरा रहे थे। तभी उन्होंने देखा कि विवेक उर्फ पिल्लू और आशीष किसी विवाद में पिट रहे हैं।
अन्य फरार आरोपियों की भी तलाश जारी
उमाशंकर ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया। लेकिन करीब दो घंटे बाद आरोपी अपने साथियों के साथ लौटे और लाठी-डंडों व असलहों से उन पर हमला बोल दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से उमाशंकर की मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शी रितेश यादव और आकाश के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़े : गेस्ट हाउस में सफाईकर्मी की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने किया हंगामा
यह भी पढ़े : शहादत का गौरव: यूपी पुलिस के तीन सिपाही बने कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल
यह भी पढ़े : मंदिर परिसर में गलती से पेशाब करने पर दलित बुजुर्ग को पीटा, फिर चटवाई पेशाब
