आठ सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियों के सबूत, 30 महिलाएं और 20 पुरुष मिले
गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर-90 स्थित सफायर 90 मॉल में शुक्रवार देर रात अचानक पुलिस और महिला आयोग की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों की सूचना पर करीब 100 पुलिसकर्मियों की टीम ने मॉल में एक साथ चल रहे 18 स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। रात 10 बजे शुरू हुई कार्रवाई सुबह करीब तीन बजे तक चली।
छापेमारी के दौरान 18 में से आठ स्पा सेंटरों में प्रथम दृष्टया संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों के सबूत मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल, भौतिक और दस्तावेजी साक्ष्य जब्त किए हैं। अब इन सबूतों की जांच के जरिए स्पा सेंटरों के मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और अन्य संभावित मददगारों की भूमिका खंगाली जा रही है।
100 पुलिसकर्मियों की टीम ने एक साथ बोला धावा
यह कार्रवाई गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग ने संयुक्त रूप से की। अभियान के दौरान हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहीं। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई की निगरानी एसीपी मुख्यालय-1 अभिलक्ष जोशी ने की।
अभिलक्ष जोशी अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत नियुक्त विशेष पुलिस अधिकारी भी हैं। कार्रवाई में करीब 20 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर समेत लगभग 100 पुलिसकर्मी शामिल रहे।

आठ स्पा सेंटरों में मिले संदिग्ध सबूत
पुलिस के अनुसार, एक साथ की गई छापेमारी में 18 में से आठ स्पा सेंटरों में संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों के प्रथम दृष्टया सबूत मिले। कार्रवाई के दौरान बरामद किए गए डिजिटल और अन्य साक्ष्यों को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
जांच के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन गतिविधियों में स्पा सेंटरों के मालिक, संचालक, मैनेजर या अन्य लोग किस तरह शामिल थे।
30 महिलाएं और 20 पुरुष मिले
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटरों में करीब 30 महिलाएं और 20 पुरुष मौजूद मिले। पुलिस अब महिलाओं से पूछताछ कर उनकी परिस्थितियों और वहां उनकी मौजूदगी के बारे में जानकारी जुटा रही है।
वहीं, मौके पर मिले पुरुषों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बरामद साक्ष्यों और पूछताछ से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब खेड़की दौला थाना पुलिस करेगी विस्तृत जांच
प्रारंभिक कार्रवाई एसीपी मुख्यालय-1 एवं विशेष पुलिस अधिकारी की निगरानी में की गई है। अब पूरे मामले की विस्तृत जांच थाना खेड़की दौला प्रभारी द्वारा की जाएगी।
पुलिस जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों की जांच के साथ स्पा सेंटरों से जुड़े लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय









