होम उप्र न्यूज़ कौशांबी में कार की डिक्की से मिली युवक की लाश, खून से...

कौशांबी में कार की डिक्की से मिली युवक की लाश, खून से सनी ईंटों ने खोला हत्या का राज

0
47

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी में रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मंझनपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में एक युवक की लाश उसकी ही कार की डिक्की से बरामद हुई। कार लावारिस हालत में खेत में फंसी मिली थी और डिक्की से खून निकल रहा था। कार से करीब 25 मीटर दूर निर्माणाधीन मकान के पास खून से सनी ईंटें मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका में जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आशनाई के एंगल को भी खंगाल रही है।

मृतक की पहचान प्रयागराज के थरवई निवासी रवि यादव के रूप में हुई है। रवि तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। वह धूमनगंज थाना क्षेत्र में किराए के कमरे में रहता था। रवि ने जेसीबी खरीद रखी थी और उसे ठेके पर चलवाकर अपना काम करता था।

ड्राइवर के फोन से शुरू हुई तलाश

रविवार को रवि के ड्राइवर मनीष ने उसके भाई विकास यादव को फोन कर बताया कि रवि का मोबाइल बंद आ रहा है। इसके बाद विकास अपने भाई की तलाश में जुट गया। वह अपनी दूर की रिश्तेदारी वाले मंझनपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव पहुंचा।

वहां खेत में रवि की कार लावारिस हालत में खड़ी मिली। कार की डिक्की से खून निकलता देख विकास के होश उड़ गए। उसने स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल मंझनपुर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार की डिक्की खोली तो उसमें रवि का शव पड़ा मिला।

25 मीटर दूर मिले खून से सने सबूत

पुलिस ने आसपास के इलाके की छानबीन शुरू की। कार से करीब 25 मीटर की दूरी पर निर्माणाधीन मकान और उसके पास खेत में खून से सनी ईंटें मिलीं। मौके के हालात देखकर पुलिस को आशंका है कि युवक के साथ वारदात इसी इलाके में हुई होगी।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटनास्थल पर संघर्ष के भी संकेत मिले हैं। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि रवि और हमलावरों के बीच कितनी देर तक संघर्ष हुआ और हत्या के बाद शव को कार की डिक्की तक कैसे पहुंचाया गया।

शव ठिकाने लगाने की कोशिश में फंसी कार?

पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी रवि के शव को कार की डिक्की में डालकर उसे ठिकाने लगाने की कोशिश में वहां से निकल रहे थे। इसी दौरान कार खेत में फंस गई। कार के आगे नहीं बढ़ पाने पर आरोपी कथित तौर पर उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

हालांकि, पुलिस अभी इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि के लिए घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य सुरागों को खंगाल रही है। हत्या के पीछे की वजह को लेकर आशनाई समेत कई पहलुओं पर जांच की जा रही है।

फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने जुटाए सुराग

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही रवि के संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी भी खंगाल रही है।

मंझनपुर थाना प्रभारी विनीत सिंह ने बताया कि घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य मिले हैं। परिवार को सूचना दे दी गई है और तहरीर मांगी गई है। तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एडिशनल एसपी अमिता सिंह ने बताया कि पुलिस को एक युवक का शव मिला है। फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की जांच में लगी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर DGP राजीव कृष्ण ने फहराया तिरंगा, शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को कीर्ति चक्र मिलने को बताया गौरव

यह भी पढ़े : लाल किले के स्वतंत्रता दिवस समारोह से लगातार दूसरी बार दूर रहे राहुल गांधी, विपक्षी नेता भी नदारद

यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय

यह भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर Gen Z को पीएम मोदी की बड़ी सौगात, फ्री ऑनलाइन कोचिंग और AI ट्रेनिंग का ऐलान

यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान