खोड़ा की लोकप्रिय विहार कॉलोनी में तड़के हुई घटना, धारदार हथियार से हमला करने का आरोप, आरोपी पति हिरासत में
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शनिवार तड़के एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर जानलेवा हमला किए जाने से सनसनी फैल गई। खोड़ा थाना क्षेत्र की लोकप्रिय विहार कॉलोनी में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी, जबकि 14 वर्षीय दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना लोकप्रिय विहार की गली नंबर-3 स्थित एक मकान की चौथी मंजिल पर हुई। मूलरूप से बिहार के अररिया निवासी राजा अंसारी यहां अपनी पत्नी बीबी तबस्सुम और दो बेटियों सना तबस्सुम (15) और रूबी तबस्सुम (14) के साथ रहता था।
विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त सूर्य बली मौर्य के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर राजा अंसारी का पत्नी और बेटियों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान उसने फरसा और चाकू से तीनों पर हमला कर दिया।
हमले में बीबी तबस्सुम और उनकी 15 वर्षीय बेटी सना तबस्सुम की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय रूबी तबस्सुम गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल किशोरी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
वारदात के बाद घर के बाहर बैठा रहा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ। वह घर के बाहर ही बैठा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
आर्थिक तंगी और तनाव की बात सामने आई
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर आर्थिक तंगी के कारण तनाव में आकर वारदात को अंजाम देने की बात कही है। बताया गया है कि राजा अंसारी गाजीपुर मुर्गा मंडी में मुंशी का काम करता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में होने की बात भी सामने आई है।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या की वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय
यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान









