लखनऊ। यूपी की राजधानी के के महानगर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक दर्दनाक घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। न्यू हैदराबाद स्थित घर में 19 वर्षीय बीबीए द्वितीय सेमेस्टर के छात्र हर्ष सिंह का शव उसके कमरे में खून से लथपथ मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने कथित तौर पर अपनी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली।
कमरे का निरीक्षण करने पर हर्ष सिंह मृत अवस्था में मिला
रात करीब 9:30 बजे घटना की सूचना मिलते ही महानगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। कमरे का निरीक्षण करने पर हर्ष सिंह मृत अवस्था में मिला, जबकि पास में एक रिवॉल्वर भी बरामद हुई। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों ने किसी प्रकार की आशंका व्यक्त नहीं की है।अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। फिलहाल पूरे मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
लखनऊ में हत्या की सूचना से मचा हड़कंप, जांच में सामने आई युवती की आत्महत्या
राजधानी के मड़ियांव थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक युवती की हत्या की सूचना से हड़कंप मच गया। डायल-112 पर सूचना मिली थी कि अन्ना मार्केट स्थित ग्रीन वैली स्कूल के पास एक युवती की गला दबाकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।जांच के दौरान मामला अलग निकला। मृतका के पिता लक्ष्मण प्रसाद कनौजिया ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी 20 वर्षीय पुत्री रंजना कनौजिया ने अपने कमरे में छत के पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया और फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है।प्रारंभिक डायल-112 सूचना हत्या की थी, लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में परिजनों के बयान के आधार पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृत्यु के कारणों की अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
यह भी पढ़े : लखनऊ को मिलेगा ट्रैफिक से बड़ा राहत! शहीद पथ पर बनेगा 23 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर
यह भी पढ़े :बांग्लादेश में जलप्रलय! बाढ़-भूस्खलन से 51 मौतें, 10 लाख से ज्यादा लोग संकट में
यह भी पढ़े :‘लंबे समय तक आपसी सहमति से बने शारीरिक संबंध ‘बलात्कार’ नहीं : हाईकोर्ट
