होमउप्र न्यूज़यूपी में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा: एसटीएफ ने एक लाख का...

यूपी में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा: एसटीएफ ने एक लाख का इनामी डकैत मुठभेड़ में किया ढेर

जौनपुर और बहराइच में भी एनकाउंटर के बाद बड़ी कार्रवाई

अम्बेडकरनगर/जौनपुर/बहराइच। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को पुलिस और एसटीएफ ने तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित एवं इनामी अपराधियों पर शिकंजा कस दिया। एक ओर यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने अंबेडकरनगर में हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी और कई जघन्य वारदातों में वांछित डकैत आसिफ उर्फ विक्की को मार गिराया, वहीं जौनपुर में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। दूसरी ओर बहराइच में 25 हजार रुपये के इनामी गौकश को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

एसटीएफ की बड़ी सफलता, एक लाख का इनामी डकैत आसिफ उर्फ विक्की ढेर

यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट की टीम की थाना बिवाना, जनपद अंबेडकरनगर क्षेत्र में बदमाशों से मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए बदमाश को अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान आसिफ उर्फ विक्की छैमार पुत्र वाबू उर्फ मजहर, निवासी मकनपुर, थाना बिल्हौर, जनपद कानपुर नगर के रूप में हुई। आसिफ लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।मौके से पुलिस ने 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की पौनिया, भारी मात्रा में कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

घरों में बंधक बनाकर करता था डकैती, विरोध पर कर देता था हत्या

एसटीएफ के अनुसार आसिफ अपने गैंग के साथ घरों में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर डकैती करता था। यदि कोई विरोध करता तो उसकी हत्या करने से भी नहीं चूकता था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में डकैती, हत्या और डकैती के दौरान हत्या जैसे गंभीर अपराधों के 21 से अधिक मुकदमे दर्ज थे।

आसिफ से जुड़े प्रमुख सनसनीखेज मामले

19 अक्टूबर 2013: सुल्तानपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में अपने लगभग 10 साथियों के साथ घर में घुसकर हत्या के बाद डकैती की घटना।
वर्ष 2014: जौनपुर के शाहगंज थाना क्षेत्र में परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी की डकैती। विरोध करने पर परिवार के पांच सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें स्वाति और सुमन की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
15 अगस्त 2015: कौशांबी के कोखराज क्षेत्र में डकैती के दौरान वादी अवनि कुमार टैगोर के माता-पिता की हत्या।
19 अगस्त 2015: मुजफ्फरनगर के छपार क्षेत्र में महावीर सिंह के घर डकैती के दौरान पुत्रवधू पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल किया। उसी रात पांच अन्य घरों में भी डकैती की वारदात को अंजाम दिया।
13 जनवरी 2021: कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र में तासीम की हत्या।

एसटीएफ के अनुसार आसिफ वर्ष 2013 की सुल्तानपुर डकैती एवं हत्या, वर्ष 2014 के जौनपुर डबल मर्डर एवं डकैती तथा वर्ष 2015 की मुजफ्फरनगर डकैती जैसे मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहा था।

जौनपुर में पुलिस मुठभेड़, पांच शातिर बदमाश गिरफ्तार

उधर जौनपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के नेतृत्व में जलालपुर और केराकत थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई की।

क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार राय के अनुसार केराकत पुलिस टेकूरीडीह के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच संदिग्ध पुलिस को देखकर पराऊगंज की ओर भागने लगे। सूचना पर जलालपुर पुलिस ने भी घेराबंदी कर दी।थोर बिंदे-टेकूरी मार्ग पर खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सोनल वर्मा के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने पांचों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

सोनल वर्मा पुत्र संतोष वर्मा, निवासी बीरमपुर, थाना केराकत (घायल)
राजेश्वर पांडेय पुत्र नेहरू पांडेय, निवासी एकौना, थाना गौराबादशाहपुर
अवनीश गुप्ता पुत्र विनोद गुप्ता, निवासी बीरमपुर, थाना केराकत
बाबी कुमार पुत्र रामकुमार, निवासी मकसूदा मंडी, जालंधर (पंजाब)
रंजीत कुमार पुत्र रवि कुमार, निवासी रतन नगर, जालंधर (पंजाब)

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से आठ तमंचे, एक देसी रिवॉल्वर, कारतूस तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।पुलिस के अनुसार घायल सोनल वर्मा के खिलाफ पहले से लूट, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। सभी के विरुद्ध संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बहराइच में 25 हजार का इनामी गौकश गिरफ्तार

बहराइच जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात कुरसंडा गांव स्थित प्यारेपुर मोड़ पुलिया के पास पुलिस और इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई।पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान अशरफ उर्फ टीन्ने के रूप में हुई है। वह गौकशी सहित विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था तथा उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ करीब छह मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि अशरफ अपने साथियों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही कैसरगंज पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद हुई है।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायल बदमाश का उपचार जारी है, जबकि उसके फरार साथियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

यह भी पढ़े : योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला: शाहजहांपुर का जलालाबाद अब ‘परशुरामपुरी’ के नाम से जाना जाएगा

यह भी पढ़े : लखनऊ में सुनार को गोली मारकर हुई 1.5 करोड़ की लूट का खुलासा, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

यह भी पढ़े : राहुल गांधी ने राजस्थान के बस-ट्रक बॉडी बिल्डर्स से की मुलाकात, बोले- एमएसएमई विरोधी नीतियों से संकट में छोटे उद्योग

यह भी पढ़े : लखनऊ में पहली बार ‘बॉस स्कैम’ का खुलासा, 18 लाख की साइबर ठगी में 10.85 लाख रुपये पीड़ित को लौटाए

यह भी पढ़े: ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड सातवीं बार जीता महिला टी20 विश्व कप का खिताब, फाइनल में इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments