वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से शिक्षा और कर्मचारी कल्याण से जुड़ी कई बड़ी योजनाओं की शुरुआत करेंगे। पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल, बड़ा लालपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश के लगभग 1.10 करोड़ परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में प्रति छात्र 1200 रुपये की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजेंगे। यह राशि विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी जैसी आवश्यक सामग्री की खरीद के लिए दी जाएगी।कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री संदीप सिंह तथा माध्यमिक शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री गुलाब देवी भी उपस्थित रहेंगी।
12 लाख शिक्षकों और कर्मचारियों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा
मुख्यमंत्री इस अवसर पर ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का भी शुभारंभ करेंगे। योजना लागू होने के साथ ही प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और उनके आश्रितों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।इस योजना का लाभ केवल नियमित शिक्षकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के पात्र कार्मिकों को भी इसमें शामिल किया गया है।बेसिक शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक हेमंत राव के अनुसार, केवल वाराणसी मंडल में ही 7,417 बेसिक विद्यालयों में कार्यरत 66,205 पात्र कर्मचारी इस योजना से सीधे लाभान्वित होंगे।
10 लाख शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए एसबीआई से होगा समझौता
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की उपस्थिति में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसका उद्देश्य प्रदेश के 10 लाख शिक्षकों और संविदा कर्मियों को अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा और वित्तीय संरक्षण उपलब्ध कराना है।सरकार का मानना है कि इस पहल से शिक्षकों और कर्मचारियों को बेहतर सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं मिलेंगी।
स्वच्छ और हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों का होगा सम्मान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 12 स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और हेडमास्टरों को भी सम्मानित करेंगे। यह सम्मान विद्यालयों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा किया संदेश
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि “आज बाबा श्री विश्वनाथ की पवित्र नगरी काशी और भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट से शिक्षा, जन-कल्याण और विकास के नए संकल्पों को नई गति मिलेगी।”
आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने में आर्थिक सहायता मिलेगी
उन्होंने कहा कि वाराणसी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों को प्रति छात्र 1200 रुपये की डीबीटी, 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए एसबीआई के साथ एमओयू तथा राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों का सम्मान जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे।सरकार का मानना है कि इन पहलों से शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी, शिक्षकों की सामाजिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा बढ़ेगी और विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने में आर्थिक सहायता मिलेगी।
यह भी पढ़े : लखनऊ में सुनार को गोली मारकर हुई 1.5 करोड़ की लूट का खुलासा, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
