उप्र न्यूज़देश प्रदेश

परीक्षा देने जा रही युवतियों को बनाया शिकार, पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया शातिर ऑटो चालक

चारबाग से बैठाया, सुनसान इलाके में ले जाकर की हैवानियत की कोशिश; विरोध पर बेरहमी से पीटा

लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में महिलाओं की सुरक्षा को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। परीक्षा देने जा रही दो युवतियों को ऑटो में बैठाकर सुनसान इलाके में ले जाने और उनके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास करने वाले एक शातिर अपराधी को पारा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के पैर में गोली लगी

पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश करने वाले आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हसीब पुत्र स्वर्गीय सत्तार है, जो मूल रूप से हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र के मिर्जानपुर गांव का निवासी है। वर्तमान में वह पारा क्षेत्र के हैदर कैनाल नाला इलाके में रहकर ऑटो चलाता था।

आलमबाग छोड़ने के बजाय रास्ता बदलकर ले गया सूनसान स्थान पर

घटना सोमवार सुबह की है। आरोपी ने चारबाग बस अड्डे के पास परीक्षा केंद्र जाने के लिए खड़ी दो युवतियों को अपने ऑटो में बैठाया। उसने उन्हें आलमबाग छोड़ने का झांसा दिया, लेकिन रास्ता बदलकर पारा थाना क्षेत्र स्थित रामलीला ग्राउंड के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां उसने युवतियों के साथ अश्लील हरकतें करते हुए जबरदस्ती करने का प्रयास किया।

आरोपी का हैवानियत भरा चेहरा सामने आ गया

जब दोनों युवतियों ने विरोध किया तो आरोपी का हैवानियत भरा चेहरा सामने आ गया। उसने युवतियों के साथ मारपीट की, अभद्रता की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। किसी तरह पीड़िताओं ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने घेरा तो चला दी गोली

घटना की गंभीरता को देखते हुए पारा पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने ऑटो से भागने की फिराक में है।पुलिस टीम ने जब ऑटो संख्या UP32 PN 8865 को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए रानी लक्ष्मीबाई संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया।

तमंचा, कारतूस और ऑटो बरामद

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, एक अवैध तमंचा, एक जिन्दा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

पहले भी कर चुका है ऐसी वारदात

पुलिस जांच में सामने आया कि हसीब कोई पहली बार अपराध करने वाला व्यक्ति नहीं है, बल्कि वह एक आदतन अपराधी है। वर्ष 2024 में हरदोई जिले के सण्डीला थाना क्षेत्र में भी उसने एक महिला को ऑटो में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। उस मामले में उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था और वह जेल भी जा चुका है।इसके बावजूद जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर उसी तरह की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया, जिससे उसकी आपराधिक मानसिकता उजागर हो गई है।

महिलाओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

दिनदहाड़े परीक्षा देने जा रही युवतियों को निशाना बनाए जाने की इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंच गया, लेकिन यह घटना बताती है कि ऐसे अपराधियों पर लगातार निगरानी और कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता है।पारा पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है।

मुख्य बिंदु

परीक्षा देने जा रही दो युवतियों को ऑटो में बैठाकर सुनसान इलाके में ले गया आरोपी।
जबरदस्ती का प्रयास और विरोध करने पर मारपीट।
पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश।
मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार।
ऑटो, तमंचा और कारतूस बरामद।
हरदोई में पहले भी महिला के साथ गंभीर अपराध कर चुका है आरोपी।

यह भी पढ़े : आर प्रज्ञानंद ने रचा इतिहास, नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बने

यह भी पढ़े : दिल्ली में मौत का तांडव, रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 जिंदगियां राख

यह भी पढ़े : “आंखों के सामने ढह गया पुल, साथियों की चीखें आज भी कानों में गूंज रही हैं”, हमीरपुर हादसे के बचे मजदूरों ने सुनाई खौफनाक रात की कहानी

यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button