हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित 4.2 फ्लाईओवर के पास टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, 108 एंबुलेंस और राहत-बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, टनकपुर डिपो की रोडवेज बस (यूके-07 पीए-2812) नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप वाहन (पीबी-65 बीएच-7296) हरिद्वार से बिजनौर की तरफ जा रहा था। पिकअप में करीब 10 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप सवार दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। क्षेत्राधिकारी नगर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। सभी घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया गया।
उपचार के दौरान अहान (18), पुत्र शराफत, निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद तथा एक करीब 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया।
अन्य घायलों में अन्नू (18) पुत्र मेहंदी हसन, सोनी लाल (25) पुत्र राम रहीश, निवासी हरदोई तथा शमीम (42) पुत्र हसीनुद्दीन, निवासी बिजनौर शामिल हैं। सभी का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी भेज दिया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
यह भी पढ़े : लखनऊ में मौत की आग: कोचिंग और एनीमेशन सेंटर में फंसे 15 मासूम जिंदा जले
यह भी पढ़े : लखनऊ अग्निकांड : सीएम योगी के निर्देश पर दो सदस्यीय विशेष जांच दल गठित
यह भी पढ़े : लखनऊ कोचिंग आग हादसे में पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार, चार अफसर सस्पेंड
यह भी पढ़े : UP Crime: छोटे भाई ने सोते समय बड़े भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे की हत्या