अमरोहा। यूपी के अमरोहा देहात थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों और भक्ति के माहौल को मातम में बदल दिया। कोठी खिदमतपुर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में चल रहे रामायण पाठ के दौरान बजरी से भरा एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। हादसे में एक मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
शाम करीब 5:30 बजे मंदिर परिसर में रामायण पाठ चल रहा था
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे मंदिर परिसर में रामायण पाठ चल रहा था। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर पाठ सुन रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार डंपर बेकाबू होकर पंडाल की ओर बढ़ गया। देखते ही देखते डंपर ने कई लोगों को कुचल दिया और मंदिर परिसर से जा टकराया। मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ मच गई।हादसे में छावी गांव निवासी परम सिंह (70), नारायणपुर निवासी महिपाल (42) और पांच वर्षीय आर्यवीर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मच गया
बताया गया कि मासूम आर्यवीर अपने ननिहाल आया हुआ था और परिवार के साथ रामायण पाठ में शामिल होने पहुंचा था। हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मच गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित लोगों ने शव सड़क पर रखकर रोड किया जाम
आक्रोशित लोगों ने शव सड़क पर रखकर अमरोहा-कांठ रोड जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। ग्रामीण मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।बाद में डीएम, एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। काफी मशक्कत के बाद प्रशासन ने हालात पर काबू पाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : पेट्रोल-डीजल ने फिर दिया महंगाई का झटका, 10 दिन में चौथी बार बढ़े दाम
यह भी पढ़े : 2027 चुनाव मिशन में जुटी बसपा, मायावती ने कार्यकर्ताओं को दिया ‘वोट सुरक्षा’ मंत्र


