लखनऊ। यूपी में उस समय राजनीतिक हलचल बढ़ गई जब कांग्रेस के कुछ नेता बहुजन समाज पार्टी प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती से मुलाकात के लिए उनके आवास पर पहुंचे, लेकिन उन्हें मिलने से इनकार कर दिया गया।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बातचीत करना चाहते थे
जानकारी के अनुसार कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद तनुज पुनिया सहित अन्य नेता लखनऊ स्थित मायावती के आवास पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि ये नेता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का संदेश लेकर पहुंचे थे और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बातचीत करना चाहते थे।नेताओं ने आवास पर पहुंचकर मुलाकात का संदेश भेजवाया, लेकिन मायावती ने उनसे मिलने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद कांग्रेस नेता बिना मुलाकात के वापस लौट गए।
अपना नाम गेट पर दर्ज करवा दिया और लौट आए
हालांकि कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे केवल शिष्टाचार भेंट के लिए गए थे और दलित समाज की पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते उनका हालचाल जानना उनका दायित्व था। नेताओं ने यह भी कहा कि उन्होंने अपना नाम गेट पर दर्ज करवा दिया है और जब बुलाया जाएगा, तब वे दोबारा मुलाकात करेंगे।इस पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और इसे आगामी चुनावी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।