मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एसटीएफ और कुख्यात बदमाश जुबैर के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। लोहिया नगर थाना क्षेत्र के अलीपुर इलाके में हुई इस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी अपराधी जुबैर ढेर हो गया। जुबैर कुख्यात मुनीर गैंग का सक्रिय सदस्य था और हत्या, लूट, डकैती समेत दो दर्जन से ज्यादा संगीन मामलों में वांछित चल रहा था।

अलीगढ़ के चर्चित हत्या कांड का आरोपी जुबैर मेरठ में छिपा हुआ था

सूत्रों के मुताबिक, एसटीएफ लखनऊ को इनपुट मिला था कि अलीगढ़ के चर्चित हत्या कांड का आरोपी जुबैर मेरठ में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम को देखते ही जुबैर ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लग गई।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने दो 32 बोर पिस्टल

गंभीर हालत में जुबैर को मेरठ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने दो 32 बोर पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। बताया जा रहा है कि जुबैर पर अलीगढ़ के सिविल लाइन क्षेत्र में दिसंबर 2025 में हुई राव दानिश हिलाल की हत्या का आरोप था। इस हत्याकांड के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में कई जगह दबिश दे रही थी।

उसके खौफ से कई इलाकों में लोग दहशत में रहते थे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जुबैर के खिलाफ उत्तर प्रदेश और दिल्ली में हत्या, लूट, डकैती, फायरिंग, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत करीब 24 मुकदमे दर्ज थे। उसके खौफ से कई इलाकों में लोग दहशत में रहते थे।एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि जुबैर के गैंग और उसके फरार साथियों की तलाश जारी है। एनकाउंटर के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *