अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर जिले के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर के पास करीब 12 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे कई लोग सड़क पर घायल अवस्था में गिर पड़े।
लोग मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद में जुट गए
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद में जुट गए। लेकिन इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर मौके पर पहुंची और सड़क पर मौजूद लोगों को रौंदते हुए गड्ढे में पलट गई। इस दूसरी टक्कर ने पूरे घटनास्थल को चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल दिया।
मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल
इस भीषण दुर्घटना में कुल 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सम्मनपुर क्षेत्र के जैनापुर निवासी दो सगे भाई—आदित्य (25) और दिव्यांश उर्फ छोटू (14) शामिल हैं, जो एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इनके अलावा कटका के सेमरा निवासी उत्तम, सिकंदरपुर सम्मनपुर निवासी राजू गुप्ता (32), पट्टी मुइथन जलालपुर निवासी लालचंद्र (24), सैदापुर निवासी कैफी (32) सहित अन्य लोगों की भी जान चली गई।हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। आदित्य और दिव्यांश के पिता मायाराम का रो-रोकर बुरा हाल है।
सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया
वहीं, इस दुर्घटना में दो अन्य शवों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। डॉ. जयवीर सिंह ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात शवों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है और एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।
