लखनऊ । उत्तर प्रदेश के हापुड़ में हुए भीषण सड़क हादसे ने मेरठ के एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष विशांत त्यागी समेत उनके दो करीबी दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।सबसे भावुक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब अंतिम संस्कार से पहले भाजपा नेता की चार साल की बेटी रोहताक्षी अपने पिता के शव के पास खड़ी होकर बार-बार कहती रही – “पापा उठ जाओ… मेरे पापा को कहां लेकर जा रहे हो…”। मासूम बच्ची की यह पुकार सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।

पत्नी सहित सभी का रो-रोकर बुरा हाल

मेरठ के जागृति विहार स्थित उत्तराखंड कॉलोनी निवासी विशांत त्यागी भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष होने के साथ एक बैंक में भी कार्यरत थे। उनकी शादी करीब दस साल पहले साक्षी से हुई थी और उनकी एक चार साल की बेटी रोहताक्षी है। परिवार में माता-पिता, भाई-बहन और पत्नी सहित सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।बताया गया कि विशांत अपने दोस्तों मिथुन चौहान, लवी चौहान और ललित चौहान के साथ बुलंदशहर के स्याना में एक दोस्त की शादी में शामिल होने गए थे। देर रात कार्यक्रम से लौटते समय हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में गांव डेहरा रामपुर के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई।

सड़क किनारे पड़े ईंटों के ढेर से जा टकराई

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार कई बार पलटने के बाद सड़क किनारे पड़े ईंटों के ढेर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक उसमें बुरी तरह फंस गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।काफी मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने युवकों को कार से बाहर निकाला। हादसे में मिथुन चौहान और विशांत त्यागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लवी चौहान और ललित चौहान को मेरठ रेफर किया गया। बाद में इलाज के दौरान लवी चौहान ने भी दम तोड़ दिया।

ललित चौहान की हालत अब भी गंभीर बनी हुई

वहीं ललित चौहान की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।मृतकों के शव जैसे ही मेरठ और बुलंदशहर पहुंचे, परिवारों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी साक्षी पति का शव देखकर बेसुध हो गईं। रिश्तेदारों ने किसी तरह उन्हें संभाला।परिजनों और दोस्तों के मुताबिक चारों युवकों में गहरी दोस्ती थी। वे रोज साथ बैठते और अक्सर साथ ही सफर करते थे। लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने उनकी दोस्ती की कहानी को हमेशा के लिए अधूरा छोड़ दिया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *