लखनऊ। यूपी की राजधानी के विकासनगर क्षेत्र में युवती से छेड़छाड़, अभद्रता और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे ऑटो चालक सनी यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऑटो चालक सनी यादव ने जबरन अश्लील हरकतें कीं
पुलिस के अनुसार 30 मई को एक व्यक्ति ने थाना विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पुत्री के साथ ऑटो चालक सनी यादव ने जबरन अश्लील हरकतें कीं और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना विकासनगर में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
टेढ़ी पुलिया के पास हुई मुठभेड़
पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी दौरान रविवार सुबह सूचना मिली कि वांछित आरोपी भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण उत्तरी क्षेत्र के आवासीय परिसर के निकट टेढ़ी पुलिया इलाके में मौजूद है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी की घेराबंदी कर आत्मसमर्पण करने को कहा। लेकिन आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली थानाध्यक्ष के सरकारी वाहन के गेट पर लगी, जबकि दूसरी गोली पास के मैदान की ओर चली गई।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी सनी यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया और पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया।
अवैध तमंचा और कारतूस बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और अवैध हथियार रखने के आरोप में एक और मुकदमा दर्ज किया है।
युवती के विरोध पर किया था हमला
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने युवती के साथ जबरन अश्लील हरकतें की थीं। जब युवती ने इसका विरोध किया तो उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उस पर हमला कर दिया। इसके बाद से वह फरार चल रहा था।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। अन्य जनपदों और थानों से भी उसके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर


