लखनऊ। राजधानी में समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने यूपी बोर्ड के मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने 10वीं और 12वीं में अपने-अपने जिले में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर शिक्षक और मार्गदर्शक अच्छे हों तो छात्र स्वतः सही दिशा में आगे बढ़ते हैं। उन्होंने छात्रों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता से न सिर्फ उनका बल्कि उनके परिवार का भी सम्मान बढ़ता है।
अब एक्सप्रेस-वे और डिजिटल सुविधाओं का दौर
उन्होंने बदलते दौर का जिक्र करते हुए कहा कि पहले लोग सिर्फ सड़कों की मांग करते थे, लेकिन अब एक्सप्रेस-वे और डिजिटल सुविधाओं का दौर है। इंटरनेट को उन्होंने “इन्फॉर्मेशन का हाईवे” बताते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के आने से शिक्षा के क्षेत्र में एक नया मार्गदर्शक जुड़ गया है।सपा अध्यक्ष ने अपनी सरकार के दौरान बांटे गए लैपटॉप का उल्लेख करते हुए कहा कि कई छात्रों ने उन्हीं लैपटॉप के माध्यम से पढ़ाई कर आगे रोजगार और नौकरी हासिल की, जो उनके लिए संतोष की बात है।
शिक्षा व्यवस्था पर भी उन्होंने सवाल उठाए
इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होते ही महंगाई बढ़ जाती है, जिससे आम जनता पर सीधा असर पड़ता है। पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों में वृद्धि से हर क्षेत्र प्रभावित होता है।शिक्षा व्यवस्था पर भी उन्होंने सवाल उठाए और आरोप लगाया कि प्रदेश में हजारों स्कूलों में नामांकन नहीं हो रहा है और शिक्षकों की संख्या भी कम की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
