लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित गोमती नदी से रविवार को एक युवक का शव बरामद किया है। पुलिस ने मृतक की पहचान कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।ठाकुरगंज थाना प्रभारी ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि शनिवार को हुसैनगंज का रहने वाला आदिल अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए गोमती नदी पर गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में डूब गया, जबकि उसके साथ गए अन्य साथी सुरक्षित वापस आ गए।
प्रारंभिक जांच में घटना दुर्घटनावश डूबने की प्रतीत हो रही
सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस एवं राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद रविवार को युवक का शव गोमती नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में घटना दुर्घटनावश डूबने की प्रतीत हो रही है। घटना के संबंध में परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उन्हाेंने कहा कि लखनऊ पुलिस आमजन से अपील करती है कि नदी व जलाशयों में नहाते समय आवश्यक सावधानी बरतें एवं गहरे पानी में जाने से बचें।
लखनऊ में अज्ञात रिक्शा चालक का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नाका कैसरबाग थाना क्षेत्र में रविवार को अज्ञात रिक्शा चालक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मृतक की पहचान शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि रविवार सुबह 10:30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि चालक अपनी रिक्शा पर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति रिक्शा पर ही मृत अवस्था में पाया गया।
मृतक की पहचान के संबंध में कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी
मौके पर उपस्थित आसपास के लोगों एवं अन्य रिक्शा चालकों से पूछताछ की गई, किंतु मृतक की पहचान के संबंध में कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। शव को पोस्टमार्टम भेजकर मृतक की पहचान की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के पर ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सके। प्रारंभिक दृष्टि में कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, तथापि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।
बहराइच : पैर फिसलने से पानी के गड्ढे में गिरी नाबालिग, मौत
उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच के पयागपुर थाना क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्ठे पर पानी भरे गड्ढे में डूबने से नाबालिग बच्ची की मौत हो गई। मृत नाबालिग की उम्र पांच वर्ष है। नाबालिग बच्ची नल से पानी पीने गई थी तभी उसका पैर फिसल गया और वह गड्ढे में गिर गई।रानीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोड़रिया निवासी विक्रम पयागपुर थाना क्षेत्र स्थित ईंट भट्ठे पर ईंट पथाई का कार्य करता है।
विक्रम का परिवार भी उसी के साथ रहता है। उसकी पांच वर्षीय नाबालिग पुत्री नेहा शाम को भट्ठे पर लगे नल से पानी पीने गई थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर पिता विक्रम उसे खोजने निकला,उसने नेहा को पानी भरे गड्ढे में गिरा देखा। आनन-फानन में लोगों की मदद से बच्ची को गड्ढे से बाहर निकलवाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि पैर फिसलने से मौत हो गई थी, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
औरैया : लोडर की टक्कर से मासूम बच्ची की मौत, पिता घायल
उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बेला-तिर्वा रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार एक लोडर वाहन ने पिता और उनकी दो वर्षीय बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।भदौरा निवासी प्रशांत रविवार सुबह अपनी दो वर्षीय बेटी यशवी को टहलाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार लोडर वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर में इलाज के दौरान मासूम बच्ची यशवी ने दम तोड़ दिया, जबकि पिता प्रशांत की हालत अभी भी गंभीर है।थानाध्यक्ष गंगा दास गौतम ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
औरैया में पैसे के लेनदेन के विवाद में मारपीट, घायल युवक ने जहर खाकर दी जान
उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र के गांव जुआ में लेनदेन के विवाद के बाद एक युवक द्वारा शनिवार देर शाम जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मुस्कीम अली से मुर्गा खरीदते थे
गांव जुआ निवासी प्रदीप कुमार (28) पुत्र रामआसरे बल्लापुर में मुर्गा-मीट की दुकान चलाते थे। परिजनों के अनुसार वह गांव के ही मुस्कीम अली से मुर्गा खरीदते थे और इसी को लेकर कुछ रुपये बकाया थे। पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मृतक की पत्नी ने बताया कि शनिवार दोपहर मुस्कीम अली अपने दो साथियों के साथ बल्लापुर स्थित दुकान पर पहुंचा। वहां बकाया रुपये को लेकर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई। घटना के बाद प्रदीप शाम करीब पांच बजे घर पहुंचे, जहां उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी।
प्रदीप ने आत्मग्लानि में जहरीला पदार्थ खा लिया
परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि मारपीट और विवाद से आहत होकर प्रदीप ने आत्मग्लानि में जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे दो बड़े भाई सुशील कुमार व अवनीश, बहनें सीता व रीता, पांच वर्षीय पुत्र ऋषभ और छह वर्षीय पुत्री नव्या को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
