फतेहपुर । फतेहपुर के अल्लीपुर बहेरा स्थित एक चर्चित चाय होटल संचालक और उसके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद दुकानदार ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव को चाय पिलाने के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि 20 फरवरी को खागा तहसील क्षेत्र में अल्लीपुर बहेरा चौकी चौराहे पर स्थित इस चाय दुकान पर अखिलेश यादव का काफिला रुका था। उन्होंने यहां चाय पी और दुकानदार के बेटे आर्यन की तारीफ भी की। इसके बाद यह दुकान सुर्खियों में आ गई।
छापेमारी और आरोप
घटना के कुछ दिन बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान पर छापा मारकर चाय पत्ती का नमूना लिया। दुकानदार का आरोप है कि अधिकारियों द्वारा उसे लगातार परेशान किया जा रहा था और दुकान सील करने की धमकी दी जा रही थी। 15 अप्रैल को दोबारा टीम पहुंची और मिलावट की आशंका में सैंपल लिया गया। इसके बाद शुक्रवार को दुकानदार के परिवार के साथ मारपीट की घटना हुई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस और प्रशासन का पक्ष
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई थी और सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।वहीं पुलिस के अनुसार, जांच में लूट का आरोप सही नहीं पाया गया है। सीओ के मुताबिक विवाद चाय के पैसे पहले मांगने को लेकर हुआ था, जिसके बाद तीन आरोपियों के खिलाफ मामूली धाराओं में चालान किया गया है।
दुकान बंद, परिवार दहशत में
घटना के बाद से पीड़ित परिवार ने चाय की दुकान बंद कर दी है। दुकानदार का कहना है कि परिवार दहशत में है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए छोटे कारोबारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाया और ‘पीडीए टी’ शुरू करने की बात कही।मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है, वहीं प्रशासन और पुलिस अपने-अपने स्तर पर जांच और कार्रवाई की बात कर रहे हैं।
