प्रतापगढ । उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र स्थित शाल्हीपुर कंजास गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तालाब में नहाने गए तीन सगे भाई-बहनों की डूबकर मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घर के सामने बने तालाब में नहाने गए थे

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विजय बहादुर यादव के तीन बच्चे—रानी (12 वर्ष), मोहित (8 वर्ष) और रोहित (5 वर्ष) सोमवार को घर के सामने बने तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान तीनों बच्चे तालाब में डूब गए और बाहर नहीं निकल सके। काफी देर तक जब बच्चे नजर नहीं आए तो परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

मां ने सीने से लगाकर रो-रोकर अपना दर्द बयां किया

घटना के समय बच्चों की मां घर के अंदर खाना बना रही थी, जबकि पिता विजय बहादुर लकवाग्रस्त हैं और भिक्षा मांगकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। चार बच्चों में अब केवल सबसे छोटा 8 माह का बेटा ही बचा है, जिसे मां ने सीने से लगाकर रो-रोकर अपना दर्द बयां किया।

क्षेत्राधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से बातचीत कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।ग्रामीणों के अनुसार, बच्चे कंजास प्राथमिक विद्यालय में नामांकित थे, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते नियमित रूप से स्कूल नहीं जा पाते थे।इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। हर कोई इस त्रासदी से स्तब्ध है और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जता रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *