लखनऊ । यूपी के बुलंदशहर के खुर्जा में 25 अप्रैल की रात जिम में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी जीतू सैनी को पुलिस ने गुरुवार सुबह मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया। मुठभेड़ सिकंदरपुर गांव के पास हुई, जहां आरोपी को दो गोलियां लगीं।

मुठभेड़ से दौरान दो सिपाही घायल, अस्पताल में भर्ती

घायल अवस्था में उसे जटिया अस्पताल लाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी मोहम्मद असलम और सिपाही मोहित मलिक भी गोली लगने से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

जानिये क्या था पूरा मामला

सीओ खुर्जा के अनुसार, 25 अप्रैल की रात सुभाष मार्ग स्थित एक जिम में जन्मदिन पार्टी के दौरान अचानक फायरिंग हुई थी, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

इसके पहले भी हुई मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार

इससे पहले पुलिस ने दो अन्य आरोपियों रिंकू सैनी उर्फ रिंकेश और भारत सैनी को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुंडाखेड़ा नहर के पास हुई इस मुठभेड़ में दोनों के पैरों में गोली लगी थी। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस और घटना से जुड़ी सीसीटीवी डीवीआर बरामद की थी।

जानिये कैसे हुआ इनका एनकाउंटर

पुलिस टीम जब आरोपियों की निशानदेही पर साक्ष्य बरामद करने पहुंची, तभी उन्होंने छिपाए गए हथियार निकालकर भागने और पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें दोनों आरोपी घायल होकर पकड़े गए।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अब भी इस मामले में वांछित अन्य आरोपियों—रवि सैनी, मनीष, अनुज, सौरभ उर्फ सिंटू और सोनू—की तलाश कर रही है। इसके लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें दिल्ली-एनसीआर, मेरठ और हरियाणा में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।इस मामले में पुलिस पहले ही 5 अन्य आरोपियों को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार सिंह और डीआईजी कलानिधि नैथानी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।

पुलिस अधिकारियों का क्या कहना

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जीतू सैनी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। परिजनों और परिचितों को हिरासत में लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। खुर्जा का यह तिहरा हत्याकांड क्षेत्र में दहशत फैलाने वाला था, लेकिन पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मामले का तेजी से खुलासा हो रहा है। मुख्य आरोपी के मारे जाने के बाद अब पुलिस का फोकस बाकी फरार आरोपियों को पकड़ने पर है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *