कानपुर । यूपी में कानपुर के किदवईनगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही जुड़वां बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस पूरी घटना ने न सिर्फ शहर बल्कि पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है।आरोपी शशिरंजन मिश्रा ने शनिवार रात पहले अपनी पत्नी रेशमा, जुड़वां बेटियों रिद्धि-सिद्धि और बेटे रुद्रव के साथ सामान्य तरीके से खाना खाया। इसके बाद परिवार टीवी देखने लगा।

बच्चियों ने कार्टून देखने की जिद की

रात करीब 11 बजे आरोपी ने टीवी बंद कर सोने के लिए कहा, लेकिन बच्चियों ने कार्टून देखने की जिद की। इसी बात पर आरोपी गुस्से में आ गया और सभी को डांटते हुए सोने भेज दिया।पत्नी रेशमा अपने बेटे के साथ दूसरे कमरे में चली गई, जबकि दोनों बेटियां पिता के कमरे में सोने चली गईं। देर रात करीब 1:50 बजे से 3:35 बजे के बीच आरोपी ने सो रही दोनों मासूम बेटियों की हत्या कर दी।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले बेटी सिद्धि का गला घोंटा और फिर धारदार हथियार (चापड़) से उसकी हत्या की। इसके बाद कुछ देर शांत बैठा रहा। फिर जब दूसरी बेटी रिद्धि नींद से उठी, तो उसे बहाने से साथ ले गया और वापस लाकर उसकी भी हत्या कर दी।

पुलिस को फुटेज में आरोपी की हर गतिविधि दिखाई दी

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी वारदात फ्लैट में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। पुलिस को फुटेज में आरोपी की हर गतिविधि दिखाई दी है।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने इस वारदात की साजिश पहले से रच रखी थी। उसने करीब पांच दिन पहले ही मूलगंज बाजार से 500 रुपये में चापड़ खरीदा था और उसे घर में छिपाकर रखा था। वारदात के समय उसी हथियार का इस्तेमाल किया गया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली है। उसने बताया कि वह पहले भी कई बार बेटियों की हत्या करने की योजना बना चुका था, लेकिन हर बार रुक जाता था। इस बार उसने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी का आपराधिक और हिंसक व्यवहार भी सामने आया

आरोपी का आपराधिक और हिंसक व्यवहार भी सामने आया है। पत्नी रेशमा के अनुसार, वह पहले भी दो बार उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर चुका है। दोनों के संबंध भी ठीक नहीं थे और लंबे समय से अलग-अलग कमरों में रहते थे।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल चापड़ व हथौड़ा बरामद कर लिया है। दीपेंद्र नाथ चौधरी (डीसीपी साउथ) के मुताबिक, आरोपी ने गला दबाने के बाद चापड़ और हथौड़े से वार कर हत्या की।फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी के मानसिक व नशे की स्थिति को भी जांच के दायरे में लिया गया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *