बहराइच । बहराइच में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें डीसीएम और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दोनों वाहनों के चालक केबिन में फंस गए और जिंदा जलकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही दरगाह थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों चालकों की जान जा चुकी थी।थानाध्यक्ष रामाज्ञा सिंह ने बताया कि ट्रेलर चालक की पहचान प्रयागराज निवासी जीतलाल यादव के रूप में हुई है, जबकि डीसीएम चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। डीसीएम में सीमेंट लदा हुआ था, जो नानपारा की ओर जा रही थी, जबकि ट्रेलर कृषि मशीनरी लेकर बहराइच की ओर आ रहा था।
दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजमार्ग पर एक पिकअप वाहन को बचाने के प्रयास में दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तुरंत दोनों वाहनों में आग लग गई और चालक बाहर नहीं निकल सके।हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सुचारु कराया। वहीं, घायल खलासी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
