लखनऊ । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा होमगार्ड के करीब 42 हजार पदों के लिए लिखित परीक्षा शनिवार से शुरू हो रही है, जो 27 अप्रैल तक चलेगी। परीक्षा रोजाना दो पालियों में सुबह 10 से 12 बजे और शाम 3 से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 25 लाख अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।

दो पालियों में परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; रेलवे ने बढ़ाई सुविधाएं

परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। श्रावस्ती को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में एक हजार से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा में स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाया गया है और नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।

पुलिस अलर्ट, एजेंसियां सतर्क

परीक्षा के दौरान तीन दिन तक प्रदेश पुलिस अलर्ट मोड पर रहेगी। सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। नकल या पेपर लीक की कोशिशों पर कई एजेंसियां नजर बनाए हुए हैं। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

सीएम योगी ने की समीक्षा

योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा से पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

परीक्षार्थियों के लिए स्पेशल ट्रेनें

परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे ने चार स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें लखनऊ, जौनपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मऊ और गाजीपुर जैसे रूटों पर संचालित होंगी, जिससे अभ्यर्थियों को आवागमन में राहत मिलेगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *