लखनऊ । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा होमगार्ड के करीब 42 हजार पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आज से शुरू हो रही है। यह परीक्षा सोमवार तक चलेगी और रोजाना दो पालियों में आयोजित की जा रही है। इस भर्ती परीक्षा में प्रदेश भर से करीब 25 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।

सभी जिलों में एक हजार से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए

परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में एक हजार से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि श्रावस्ती को छोड़कर हर जिले में परीक्षा आयोजित हो रही है। प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया गया है और नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।

पुलिस अलर्ट, कई एजेंसियां निगरानी में

परीक्षा के दौरान पूरे प्रदेश में पुलिस अलर्ट पर है। सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को पहले ही सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी या नकल की कोशिश पर नजर रखने के लिए कई एजेंसियां सक्रिय हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

फर्जी पेपर लीक गैंग पर कार्रवाई

भर्ती परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर पेपर उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने फर्जी पोस्ट के जरिए अभ्यर्थियों से पैसे ऐंठने की कोशिश की। इस मामले में सतर्कता निरीक्षक की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है।पुलिस ने साफ किया है कि पेपर लीक जैसी अफवाहें फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना पर भरोसा न करें।

सीएम योगी ने की समीक्षा

योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा से पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

टॉप जिलों में सबसे ज्यादा रिक्तियां

कानपुर नगर (1947), लखनऊ (1371), आगरा (1232), प्रयागराज (1219), हरदोई (1072), वाराणसी (1004), सीतापुर (927), जौनपुर (900), आजमगढ़ (867) और गोरखपुर (830) जिलों में सबसे अधिक पद हैं।प्रदेश की सबसे बड़ी भर्तियों में शामिल इस परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य को देखते हुए पारदर्शिता और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *