लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने वन विभाग में वन रक्षक और वन्यजीव रक्षक के 708 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का शेड्यूल जारी कर दिया है।आयोग के अनुसार, इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 30 जून से शुरू होकर 20 जुलाई 2026 तक किए जा सकेंगे। वहीं, आवेदन में संशोधन और शुल्क समायोजन की अंतिम तिथि 27 जुलाई तय की गई है।
अभ्यर्थियों के लिए ₹25 आवेदन शुल्क निर्धारित
इस भर्ती में वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2025 में हिस्सा लिया है। PET स्कोर के आधार पर ही उम्मीदवारों को मुख्य लिखित परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए ₹25 आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। मुख्य परीक्षा के लिए चयनित अभ्यर्थियों से अलग शुल्क लिया जाएगा।योग्यता के तौर पर अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आयु सीमा 1 जुलाई 2026 को न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) भी अनिवार्य होगी
भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के साथ-साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) भी अनिवार्य होगी। पुरुष अभ्यर्थियों को 10 किलोग्राम वजन के साथ 25 किलोमीटर की दौड़ 4 घंटे में पूरी करनी होगी, जबकि महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी।लिखित परीक्षा में 100 प्रश्न, 100 अंक होंगे और इसमें नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। विस्तृत सिलेबस आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है।आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें और फॉर्म भरने के बाद उसका प्रिंट आउट सुरक्षित रखें।
