होमउप्र न्यूज़लूटकांड के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग, एक के पैर...

लूटकांड के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग, एक के पैर में गोली, दो शातिर गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी एक बार फिर अपराधियों और पुलिस के बीच हुई जोरदार मुठभेड़ से दहल उठी। मदेयगंज क्षेत्र में हुए सनसनीखेज लूटकांड के बाद पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर बदमाशों को दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

हाथियारों के बल पर लूट लिया था पैसों से भरा बैग

पूरा मामला 25 मार्च 2026 की रात का है, जब दीनदयाल नगर स्थित तरन्नुम मार्केट गली में लूट की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया था। शराब दुकानों की बिक्री राशि का कलेक्शन लेकर जा रहे हर्ष जायसवाल को चार अज्ञात बदमाशों ने बीच रास्ते में रोक लिया और धारदार हथियारों के बल पर बैग लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने बेरहमी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे।

विशेष टीमों का किया गया गठन

घटना के बाद थाना मदेयगंज में मु0अ0सं0 38/2026 धारा 309(6) बीएनएस के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्हें आरोपियों की गिरफ्तारी का टास्क सौंपा गया।

लगभग 140 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

जांच के दौरान पुलिस ने लगभग 140 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से संदिग्ध अपाचे बाइक और अपराधियों की पहचान की। लगातार निगरानी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की।

चेकिंग के दौरान हुआ आमना-सामना

31 मार्च 2026 की रात करीब 10:40 बजे पुलिस टीम रघुवंशी ढाल बंधा रोड पर चेकिंग कर रही थी, तभी संदिग्ध बाइक सवार दो व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की और गोमती नदी की तरफ ढाल की ओर उतरते हुए फरार होने लगे।

भागते समय दोनों बदमाश बाइक से गिर पड़े

भागते समय दोनों बदमाश बाइक से गिर पड़े और पैदल भागने लगे। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। हालात को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई।

घायल बदमाश गिरफ्तार, साथी भी दबोचा गया

घायल बदमाश की पहचान आलोक तिवारी उर्फ मुस्कान (23) निवासी हरदोई के रूप में हुई है, जबकि उसके साथी की पहचान सुजीत सिंह उर्फ मगन (23) के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ शुरू कर दी है।घायल आरोपी को तत्काल बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मौके से हथियार और बाइक बरामद

पुलिस ने मौके से एक अपाचे मोटरसाइकिल (जिसका नंबर मिटा हुआ है), .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामद हथियार वही बताया जा रहा है, जिसका उपयोग लूट की वारदात में किया गया था।पूछताछ में सामने आया है कि घायल बदमाश के खिलाफ पहले से ही चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उस पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी हो चुकी है। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क और अन्य फरार साथियों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस की बड़ी कामयाबी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और त्वरित कार्रवाई के चलते इस पूरे मामले का खुलासा तेजी से किया गया। पुलिस का दावा है कि यह कार्रवाई शहर में सक्रिय अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है कि कानून से बच पाना अब मुश्किल है।यह पूरी घटना राजधानी में चर्चा का विषय बनी हुई है और पुलिस की तेज कार्रवाई को एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Most Popular

Recent Comments