लखनऊ । राजधानी में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के खिलाफ ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ निकाली। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली।कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, पंकज चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का चेहरा अलोकतांत्रिक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का चेहरा अलोकतांत्रिक है और उनका कृत्य महिला विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन को गिराने की कोशिश कर विपक्ष ने अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है।सीएम योगी ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष को अपनी महिला विरोधी छवि सुधारने का अवसर दिया था, लेकिन उन्होंने उसका दुरुपयोग किया। यही वजह है कि आज पूरे देश में उनके खिलाफ आक्रोश देखने को मिल रहा है।”

प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के प्रति समर्थन का प्रतीक

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं का इस पदयात्रा में शामिल होना प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के प्रति समर्थन का प्रतीक है।सीएम योगी ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई गई हैं। इनमें ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’, ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ और ‘पीएम स्वनिधि योजना’ जैसी पहलें शामिल हैं, जिनका सीधा लाभ महिलाओं और गरीब वर्ग को मिला है।इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, मंत्री बेबी रानी मौर्य, आशीष पटेल, ए.के. शर्मा, गुलाब देवी, रजनी तिवारी, प्रतिभा शुक्ला और महापौर सुषमा खर्कवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *