उप्र न्यूज़देश प्रदेश

कानपुर में गरीबी की मार: बेटे का मुंडन न करा पाने का दर्द, मां ने फांसी लगाकर दी जान

कानपुर। यूपी में कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के शिवनगर इलाके में एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आर्थिक तंगी के चलते अपने इकलौते बेटे का मुंडन संस्कार न करा पाने से आहत एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।जानकारी के अनुसार, मूल रूप से चौबेपुर क्षेत्र के मेघनीपुरवा गांव निवासी धीरेंद्र सिंह यादव अपनी पत्नी स्वाति सिंह (22) और एक वर्षीय बेटे एकांश के साथ मंधना के शिवनगर में किराये के मकान में रहते थे। धीरेंद्र मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

धीरेंद्र कई लोगों से मदद मांगी लेकिन किसी ने उधार नहीं दिया

परिजनों के मुताबिक, स्वाति अपने बेटे एकांश का रामनवमी के दिन मुंडन संस्कार कराने को लेकर काफी उत्साहित थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण इसके लिए पैसे का इंतजाम नहीं हो सका। धीरेंद्र ने कई लोगों से उधार मांगने की कोशिश की, लेकिन कहीं से मदद नहीं मिली, जिससे स्वाति काफी परेशान और उदास रहने लगी थी।घटना वाले दिन धीरेंद्र फिर से पैसे की व्यवस्था के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान घर पर अकेली स्वाति ने छत के पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। दोपहर में पड़ोस में रहने वाली महिला ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी तो खिड़की से झांककर देखा, जहां स्वाति का शव लटका मिला।

धीरेंद्र और स्वाति ने वर्ष 2023 में प्रेम विवाह किया था

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।बताया जा रहा है कि धीरेंद्र और स्वाति ने वर्ष 2023 में प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद दोनों के परिवारों ने उनसे दूरी बना ली थी। घटना के बाद धीरेंद्र अपने बेटे को गोद में लेकर बिलखता रहा, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button