प्रयागराज । यूपी के प्रयागराज में में बुधवार को ऐसा मंजर सामने आया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के कुसुआ गांव में स्थित एक तालाब में एक के बाद एक चार बच्चों की डूबकर मौत हो गई। पल भर में खेल का मैदान मातम में बदल गया और पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई।
तालाब के किनारे उनके कपड़े मिलने से सनसनी फैल गई
बताया जा रहा है कि बच्चे घर से खेलने निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। तलाश के दौरान तालाब के किनारे उनके कपड़े और चप्पल मिलने से सनसनी फैल गई। जब ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन की तो चारों के शव पानी के भीतर मिले। यह दृश्य देखकर हर आंख नम हो गई।
घटना के बाद गांव में आक्रोश फूट पड़ा
घटना के बाद गांव में आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने इसे साधारण हादसा मानने से इनकार करते हुए साजिश और हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक माहौल तनावपूर्ण हो चुका था। भारी भीड़ सल्लाहपुर चौकी पर जुट गई और जवाब की मांग करने लगी।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
चार बच्चों की एक साथ मौत ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। क्या यह महज लापरवाही का नतीजा है या इसके पीछे कोई खौफनाक राज छिपा है—इस सवाल ने सभी को बेचैन कर दिया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।फिलहाल कुसुआ गांव में सन्नाटा पसरा है, लेकिन हर दिल में एक ही सवाल गूंज रहा है—तालाब बना हादसा या मौत की साजिश?
यह भी पढ़े : डीजीपी राजीव कृष्ण की हाईलेवल मीटिंग, अपराध पर सख्ती और पुलिस सुधारों का रोडमैप तय
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस भर्ती 2025: होमगार्ड अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट
