मुंबई। महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों की मतगणना के ताज़ा रुझानों और घोषित परिणामों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 29 में से 13 नगर निगमों में स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। इसके साथ ही भाजपा कई अन्य नगर निगमों में अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर सत्ता की ओर तेज़ी से बढ़ रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया है कि भाजपा गठबंधन मिलकर राज्य की 25 नगर निगमों में सरकार बनाएगा।
भाजपा को जिन 13 नगर निगमों में पूर्ण बहुमत मिला
राज्य की कुल 29 नगर निगमों में भाजपा को जिन 13 नगर निगमों में पूर्ण बहुमत मिला है, उनमें इचलकरंजी, पुणे, धुले, पिंपरी-चिंचवाड़, नवी मुंबई, पनवेल, उल्हासनगर, मीरा-भायंदर, नासिक, नागपुर, नांदेड़, सांगली और जालना शामिल हैं। इन नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा अब केवल ग्रामीण या अर्ध-शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रही, बल्कि शहरी मतदाताओं के बीच भी उसने अपनी मजबूत पकड़ बना ली है।
नांदेड़ और जालना में भी भाजपा को सफलता मिली
पश्चिमी महाराष्ट्र में भाजपा ने इचलकरंजी और सांगली जैसे उन क्षेत्रों में बड़ी जीत दर्ज की है, जहां परंपरागत रूप से कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का प्रभाव रहा है। उत्तरी महाराष्ट्र में नासिक और धुले जैसे महत्वपूर्ण शहरों में भाजपा ने साफ़ बहुमत के साथ जीत हासिल की। विदर्भ में नागपुर में पार्टी ने अपना किला बरकरार रखा, जबकि मराठवाड़ा क्षेत्र में नांदेड़ और जालना में भी भाजपा को सफलता मिली है।
नगर निगमों में मतदाताओं ने भाजपा पर भरोसा जताया
राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में भाजपा का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। नवी मुंबई, पनवेल, उल्हासनगर और मीरा-भायंदर जैसे विकसित और राजनीतिक रूप से संवेदनशील नगर निगमों में मतदाताओं ने भाजपा पर भरोसा जताया। वहीं, पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ जैसे औद्योगिक और आईटी हब में मिली जीत ने शहरी विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दों पर पार्टी की रणनीति को सफल साबित किया है।
मोदी के नेतृत्व और विकास के एजेंडे की जीत बताया
हालांकि मुंबई नगर निगम में भाजपा गठबंधन और शिवसेना–मनसे गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला जारी है। यहां अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सत्ता किसके हाथ लगेगी, क्योंकि कई वार्डों के नतीजे अभी घोषित होने बाकी हैं।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इन नतीजों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकास के एजेंडे की जीत बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान विकास को मूल मुद्दा बनाया, जिसे जनता ने स्वीकार किया। फडणवीस ने महाराष्ट्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी नगर निगमों में महापौर चुने जाने के बाद पार्टी विजयोत्सव मनाएगी।
यह भी पढ़े : 2027 में बिना गठबंधन मैदान में उतरेगी बसपा, मायावती का ऐलान-अपने दम पर बनेगी सरकार
