एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । यूपी के फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज क्षेत्र से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। थाना नगला खंगर क्षेत्र के ग्राम नगला नंदे में सोमवार रात एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी पति कटे सिर और धड़ के साथ पूरी रात घर में बैठा रहा।
कमरे में महिला का धड़ अलग पड़ा था
मंगलवार सुबह जब गांव के चौकीदार ने घर से अजीब हालात की जानकारी दी, तब पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को जो दृश्य दिखाई दिया, वह किसी को भी सन्न कर देने वाला था। कमरे में महिला का धड़ अलग पड़ा था और पास ही उसका कटा हुआ सिर। पुलिस ने दोनों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।
बेटे की जेल, घर की बदहाली और रोज़ की कलह बनी खून की वजह
पुलिस के मुताबिक, नगला नंदे निवासी आशुतोष और उसकी 52 वर्षीय पत्नी लता के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। परिवार में चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। इकलौता बेटा अमन (21) चोरी के मामले में पिछले एक साल से दिल्ली की जेल में बंद है।
बेटे के जेल जाने से चरमरा गई थी आर्थिक हालत
बेटे के जेल जाने के बाद परिवार की आर्थिक हालत चरमरा गई, समाज में भी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में आए दिन झगड़े होते थे।सोमवार रात खाना खाने के बाद दोनों सोने चले गए थे। तभी लता ने बेटे अमन को याद करते हुए पति से उसकी जमानत के लिए पैसों का इंतजाम करने और कोई काम-धंधा करने की बात कही। यही बात आशुतोष को नागवार गुज़री और बहस देखते ही देखते हिंसा में बदल गई।
कुल्हाड़ी से एक के बाद एक वार… गर्दन धड़ से अलग
गुस्से में बेकाबू आशुतोष ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और लता के गले पर एक के बाद एक कई वार किए। कुछ ही पलों में महिला की गर्दन धड़ से अलग हो गई। इसके बाद आरोपी न तो भागा, न ही किसी को बताया—बल्कि पूरी रात पत्नी के कटे सिर और धड़ के पास बैठा रहा।
बेटी की लाश देखकर टूट गए पिता
घटना की सूचना मिलने पर मृतका के पिता सुरेश चंद, निवासी नगला भूढ़ (अरांव) अपने परिजनों के साथ गांव पहुंचे। बेटी का कटा सिर और धड़ देखकर वे फफक-फफक कर रो पड़े। सुरेश चंद ने दामाद आशुतोष के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।उन्होंने पुलिस को बताया कि आशुतोष आए दिन लता के साथ मारपीट करता था। कई बार समझाया गया, लेकिन वह नहीं माना।
पुलिस जांच में खुलासे, आरोपी बयान बदलता रहा
ग्राम चौकीदार नेकराम की सूचना पर इंस्पेक्टर गिरीश राजपूत पुलिस फोर्स और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ सिरसागंज अनिवेश सिंह ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।सीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह घरेलू कलह और बेटे के जेल में होने से उपजा मानसिक तनाव सामने आया है। आरोपी आशुतोष को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार बयान बदलता रहा और पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाने की कोशिश करता रहा, लेकिन गांव वालों ने एक सुर में लता को संस्कारवान और चरित्रवान महिला बताया।
एक सवाल जो गांव को सता रहा है…
नगला नंदे गांव में सन्नाटा पसरा है। हर कोई यही पूछ रहा है—क्या गरीबी, तनाव और गुस्सा इंसान को इतना हैवान बना सकता है कि वह अपनी ही पत्नी का सिर काट दे?यह वारदात सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि टूटते रिश्तों और बिखरते परिवारों की भयावह तस्वीर है।
यह भी पढ़े : डीजीपी राजीव कृष्ण की हाईलेवल मीटिंग, अपराध पर सख्ती और पुलिस सुधारों का रोडमैप तय
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस भर्ती 2025: होमगार्ड अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट
