एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को बुधवार देर रात लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (पीजीआई) के कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया। उन्हें मेडिकल इंटेंसिव केयर यूनिट (एमआईसीयू) में रखा गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही
पीजीआई प्रशासन के अनुसार कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रुपाली खन्ना की देखरेख में अमिताभ ठाकुर का उपचार किया जा रहा है। उनकी ईसीजी, ईकोकार्डियोग्राफी और रक्त संबंधी जांचें कराई गई हैं, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की चिकित्सा प्रक्रिया तय की जा रही है।पीजीआई के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि मरीज की हालत नियंत्रण में है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
देवरिया जेल में मंगलवार की रात बिगड़ी तबियत
गौरतलब है कि धोखाधड़ी के एक मामले में देवरिया जिला जेल में बंद अमिताभ ठाकुर को मंगलवार रात अचानक सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई थी। इसके बाद जेल प्रशासन ने उन्हें तत्काल देवरिया स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया।प्रारंभिक उपचार के बाद भी जब उनकी तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां से बुधवार रात बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ पीजीआई भेजा गया।
यह भी पढ़े : आदिवासी राजनीति की बुलंद आवाज खामोश, दुद्धी विधायक विजय सिंह गोंड का SGPGI में निधन
