उप्र न्यूज़देश प्रदेश

लखनऊ में STF का बड़ा ऑपरेशन: मुंबई के ड्रग तस्कर दबोचे, नेपाल भागने की साजिश नाकाम

लखनऊ । उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई से वांछित दो शातिर आरोपियों को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी महाराष्ट्र में ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़े थे और नेपाल भागने की कोशिश में थे।गिरफ्तारी चारबाग रेलवे स्टेशन के पास टेम्पो स्टैंड से की गई, जहां दोनों संदिग्ध फरार होने की तैयारी में थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भावेश चौहान उर्फ लालू और शोएब अशरफ पठान उर्फ बटला के रूप में हुई है, जो मुंबई के नाला सोपारा क्षेत्र के रहने वाले हैं।

मुंबई के पब, होटलों और पार्टियों में सप्लाई करते थे

एसटीएफ को महाराष्ट्र पुलिस से इन आरोपियों के लखनऊ में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। दोनों आरोपी थाना नायगांव, मिरा-भाईंदर (महाराष्ट्र) में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित थे।पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी पिछले 4-5 वर्षों से अंतरराज्यीय स्तर पर ड्रग तस्करी में सक्रिय थे। ये लोग केमिकल के जरिए ब्राउन शुगर तैयार कर मुंबई के पब, होटलों और पार्टियों में सप्लाई करते थे।

लखनऊ के रास्ते नेपाल भागने की योजना बना रहे थे

हाल ही में मुंबई में माल पकड़े जाने के बाद ये फरार हो गए थे और लखनऊ के रास्ते नेपाल भागने की योजना बना रहे थे।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी भावेश चौहान पर पहले से हत्या के प्रयास, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र में दर्ज मुकदमे के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी को एसटीएफ की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे ड्रग तस्करी के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button